एनसीआर में ठंड के साथ कोहरा भी कर रहा परेशान
तीन दिन की बारिश के बाद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अब ठंड के साथ कोहरा भी लोगों को परेशान करने लगा है। आज सुबह दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में घने कोहरे की वजह से कम दृष्यता रही। जिस कारण वाहन चालकों को लाइट जलाकर आना-जाना पड़ा। सोमवार दोपहर बाद कुछ जगहों पर हल्की धूप निकली लेकिन ठंड से राहत नहीं मिली। 25 जनवरी मंगलवार और बुधवार 26 जनवरी को भी एनसीआर में घना कोहरा और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। जबकि 30 जनवरी तक भी सुबह के समय कोहरे से निजात मिलने की संभावना नहीं के बराबर है। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री कम 14.8 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान के 7 डिग्री कम होने पर मंगलवार को भी कोल्ड डे की श्रेणी में रखा गया है।