राष्ट्रपति आज हरिद्वार में: दिव्य प्रेम सेवा मिशन के रजत जयंती समारोह में करेंगे शिरकत
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज हरिद्वार पहुंच रहे हैं वे यहां चंडीघाट स्थित दिव्य प्रेम सेवा मिशन के रजत जयंती समारोह में शिरकत करेंगे। उनके साथ देश की प्रथम महिला नागरिक सरिता कोविंद भी शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति सुबह 10.40 बजे यहां पहुंचेंगे और करीब एक घंटा रहेंगे। उनके आगमन को देखते हुए हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक शहर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सशस्त्र बलों के अलावा सादे वस्त्रों में भी पुलिस के जवान मुस्तैद रहेंगे। राष्ट्रपति की सुरक्षा में अर्धसैनिक बल, पीएसी, पुलिस के अलावा सर्विलांस व इलेक्ट्रानिक उपकरणों का उपयोग किया जायेगा।
बीएचईएल के हेलीपैड से राष्ट्रपति की फ्लीट रवाना होने से 20 मिनट पहले यातायात रोक दिया जाएगा। इस दौरान सारी गलियां सील रहेंगी। राष्ट्रपति सुबह 10.40 बजे हेलीपैड पर उतरेंगे। सुबह 11.50 बजे दिव्य प्रेम मिशन से फ्लीट हेलीपैड के लिए वापस होगी। राष्ट्रपति के हरिद्वार पहुंचने से पहले शनिवार को पुलिस प्रशासन ने कई बार फ्लीट रिहर्सल की।