उत्तरी भारत में अभी कंपकंपाती ठंड से नहीं मिलेगी निजात, अगले तीन दिन बारिश के आसार

उत्तरी भारत के लोगों को अभी कुछ और दिन कंपकंपाती ठंड से निजात मिलने वाली नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश में कंपकंपाती ठंड पड़ सकती है। अगले दो दिनों तक राजस्थान, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, बिहार, ओडिशा, उत्तर प्रदेश में सुबह और शाम के समय काफी घना कोहरा बना रहेगा। ससे विजिबिलिटी में कमी आ सकती है। इसके बाद मौसम बेहतर होने की उम्मीद है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का भी अनुमान जताया गया है। इन छह राज्यों के कुछ क्षेत्रों में 21, 22 और 23 जनवरी को बारिश होने के आसार हैं। मौसम का यह बदलाव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से आएगाा। 24 जनवरी से मौसम के साफ होने की उम्मीद जताई गई है।
राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में देर रात से ही हल्की बारिश का सिलसिला शुरू है। जो 21, 22 और 23 जनवरी तक जारी रहने की संभावना है। तीन दिनों तक ऐसे ही बारिश के के बीच ठंडी हवाएं भी चलेंगी। बारिश की वजह से धूप नहीं निकलेगी और ठंड का प्रभाव बढ़ जाएगा।
बीते बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 18.1 डिग्री रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 7.4 डिगी रहा। हवा में नमी का स्तर भी 60 से 97 प्रतिशत तक बना रहा। जाफरपुर में अधिकतम तापमान 15 और नरेला में महज 14.7 डिग्री रहा। दोनों जगहों पर तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम रहा। इन दो इलाकों में बुधवार को भी शीतलहर का प्रभाव रहा। इसके अलावा मयूर विहार और पालम में अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री रहा।
स्काईमेट के अनुसार राजधानी में मौसम में मामूली सुधार आया है, लेकिन तापमान में बहुत अधिक बढ़त नहीं हो पा रही है। हल्की धूप की वजह से ठंड का प्रकोप व कंपकंपी का अहसास है। दरअसल इस समय राजधानी पूर्व और पश्चिम दोनों तरफ से ठंड की चपेट में आ रही है। पूर्वी हिस्से में जहां उत्तर प्रदेश में इस समय शीत लहर का प्रभाव है वहीं पश्चिमी हिस्से में पंजाब और हरियाणा में भी शीत लहर का प्रकोप है। इसलिए हवाएं चाहे पूर्व से आएं या पश्चिम से राजधानी को भी ठंड से राहत नहीं मिल पा रही है। वह लागातार ठंडी झेल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!