अंडमान निकोबार में चक्रवाती तूफान और भारी बारिश की चेतावनी

दक्षिण-पश्चिम हिंद महासागर के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण अगले सप्ताह के आरंभ में चक्रवात ‘आसनी’ बांग्लादेश और उससे सटे उत्तरी म्यांमा की ओर बढ़ सकता है। इसके 21 मार्च को एक चक्रवाती तूफान में बदलने और 22 मार्च तक उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने का अनुमान है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि चक्रवाती तूफान के तेज होने के कारण कुछ क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।
मौसम कार्यालय ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे गुरुवार तथा शुक्रवार को दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और अंडमान तटीय क्षेत्र में न जाएं। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में रविवार को तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 18 मार्च को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाएं बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण अंडमान सागर पर प्रबल होने की संभावना है। 18 मार्च को ही निकोबार द्वीप समूह में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश के साथ अधिकांश स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। जबकि 19 मार्च को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश के साथ अधिकांश स्थानों पर गरज के साथ निकोबार द्वीप समूह में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। 19 मार्च को ही अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अंडमान सागर और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 45-55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 20 मार्च को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कुछ स्थानों पर भारी बारिश और अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 20 मार्च को ही अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अंडमान सागर और इससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 55 से 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है और उसके बाद धीरे-धीरे इसमें वृद्धि होगी। 21 मार्च को अंडमान द्वीप समूह में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ छिटपुट और भारी बारिश होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!