पूर्व मंत्री पर रेप का आरोप लगाने वाली महिला गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश की सपा सरकार में खनन मंत्री रहे गायत्री प्रसाद प्रजापति और छह अन्य लोगों पर नाबालिग बेटी के साथ गैंगरेप का आरोप लगाने वाली चित्रकूट की महिला को गोमतीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लखनऊ स्थित एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रही सुनवाई में कोर्ट ने पीड़िता की मां को गवाही के लिए तलब किया था, लेकिन बार-बार के समन के बावजूद वह पेश नहीं हुई थी। जिस कारण उसे गिरफ्तार किया गया।
गौरतलब है कि महिला ने गायत्री और छह अन्य लोगों पर उनकी नाबालिग बेटी के साथ गैंगरेप का आरोप लगाया था। महिला का आरोप था कि वह मंत्री गायत्री प्रजापति से मिलने उनके आवास पर पहुंची थी, जिसके बाद मंत्री और उनके साथियों ने उसको नशा देकर नाबालिग बेटी के साथ गैंगरेप किया। सुप्रीम कोर्ट की दखल के बाद इस मामले में गायत्री प्रजापति समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था जिनमें सेे गायत्री सहित तीन आरोपियों को उम्र कैद की सजा सुनाई गई। वहीं दो.दो लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। गायत्री प्रसाद प्रजापति, अशोक तिवारी और आशीष शुक्ला को गैंगरेप और पॉक्सो ऐक्ट की धाराओं में दोषी करार दिया था। गायत्री प्रजापति की ओर से इस सज़ा के खिलाफ अपील की गई, जिस पर लखनऊ स्थित एमपी.एमएलए कोर्ट में सुनवाई चल रही है। कोर्ट ने इसी मामले में पीड़िता की मां को गवाही के लिए तलब किया था। लेकिन बार.बार के समन के बावजूद वह पेश नहीं हुई थी। जिस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।