Saturday, March 14, 2026
Uttarakhand

भारत विकास परिषद समर्पण शाखा का होली मिलन समारोह, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

भारत विकास परिषद समर्पण शाखा रुड़की द्वारा वर्ष 2025-26 की अंतिम कार्यकारिणी व आमसभा बैठक के साथ होली मिलन समारोह का आयोजन शहर के एक होटल में हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत पुरुष मंडली द्वारा वंदे मातरम गीत से हुई। शाखा अध्यक्ष इंजीनियर राकेश गर्ग ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि जीवन को होली के रंगों की तरह इंद्रधनुषी बनाकर आनंदपूर्वक जीना चाहिए। उन्होंने आगामी वर्ष 2026-27 के लिए पदाधिकारियों के चयन और सामाजिक गतिविधियों पर भी प्रकाश डाला।

आमसभा में सचिव विशाल गोयल ने सदस्यों के जन्मदिन व वैवाहिक वर्षगांठ पर उन्हें बधाई देते हुए सम्मानित किया। साथ ही डॉ. मधु राका सक्सेना और डॉ. अजय सक्सेना को उनके वैवाहिक जीवन की स्वर्ण जयंती पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

वर्ष 2026-27 के लिए चयन समिति के अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार जैन ने प्रांतीय पर्यवेक्षक प्रीति अग्रवाल की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न कराई, जिसमें इंजीनियर राकेश गर्ग को पुनः अध्यक्ष, सोनम कर्माकर को सचिव और मनोहर अरोड़ा को कोषाध्यक्ष सर्वसम्मति से घोषित किया गया।

होली मिलन समारोह में वीना सिंह के स्वागत भाषण के बाद अंजुल चंद्रा व संयोगिता सिंह ने होली गीत व नृत्य प्रस्तुत किया। डॉ. अजय भार्गव और रमा भार्गव की युगल प्रस्तुति, वेनू मोहन का क्लासिकल गीत, नन्हीं अलखनंदिनी का नृत्य, डॉ. सुधीर चौधरी का “होली खेले रघुवीर अवध में”, दिलीप प्रधान का भोजपुरी गीत तथा डॉ. प्रदीप रस्तोगी की हास्य-व्यंग्य कविताओं ने खूब तालियां बटोरीं।

इसके अलावा कैनिथ सेमवाल का फिल्मी गीत, दिव्या गुप्ता का नारी शक्ति पर नृत्य, सोमेन कर्माकर का गीत, पूजा-प्राची का नृत्य, मोनिका-दीप्ति की हास्य नाटिका और अनुष्का शर्मा की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मधु राका सक्सेना ने हास्य-व्यंग्य से भरपूर अंदाज में किया। करीब तीन घंटे तक चले इस कार्यक्रम में परिषद के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और होली पर्व की खुशियां साझा कीं।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!