Tuesday, February 10, 2026
Uttarakhand

कपकोट-बागेश्वर एडवेंचर टूरिज्म के नए गंतव्य के रूप में उभरा

कपकोट में आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी चैंपियनशिप शानदार तरीके से संपन्न हुई। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे और पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत भौरियाल ने समापन समारोह का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।

इस इवेंट में देश भर के 92 प्रतिभागियों ने पंजीकरण किया था।जिसमें से 78 पायलेट्स ने अपने कौशल का प्रदर्शन दिखाया। वहीं 55 पायलेट्स ने चारों राउंड पूरे किए। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के 34 पायलट्स ने प्रतिभाग किया।

स्किल, सटीकता और रोमांच से भरपूर इस चैंपियनशिप ने न केवल प्रतिभागियों बल्कि आयोजकों और स्थानीय नागरिकों को भी गर्व की अनुभूति कराई।

समापन अवसर पर जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने कहा कि जनपद में पैराग्लाइडिंग एवं अन्य एडवेंचर स्पोर्ट्स की अपार संभावनाएं हैं और आने वाले समय में यह क्षेत्र रोमांच प्रेमियों के लिए एक प्रमुख गंतव्य के रूप में उभरेगा।
उन्होंने प्रतियोगिता को सफल बनाने में पर्यटन विभाग, फ्लाई हिमालया एडवेंचर, जिला प्रशासन एवं कपकोटवासियों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इस चैंपियनशिप ने कपकोट-बागेश्वर को एडवेंचर टूरिज्म के राष्ट्रीय नक्शे पर स्थापित किया है। प्रतियोगिता को और बेहतर बनाने के लिए भविष्य में निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

प्रतियोगिता में मनीष उप्रेती ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ₹1,00,000, द्वितीय स्थान पर रहे मनीष भंडारी को ₹50,000 तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पंकज कुमार को ₹30,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं 05 महिला पायलट्स को 5,000-5,000 की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।

वहीं इस दौरान जिलाधिकारी ने जालेख से उड़ान भरकर रोमांचक पलों का आनंद लिया और अपना अनुभव साझा किया।

जिला पर्यटन अधिकारी पी के गौतम ने बताया कि प्रतियोगिता सकुशल सम्पन्न हुई जिसकी स्थानीय लोगों द्वारा द्वारा भी सराहना की गई। प्रतिभागियों ने भी कपकोट की फ्लाइंग साईट की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख भावना साही, नगर पंचायत अध्यक्ष गीता ऐठानी, पुलिस अधीक्षक चंद्र शेखर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, उप जिलाधिकारी अनिल चन्याल, कार्यक्रम संचालन राम चंद्र जोशी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!