Wednesday, February 18, 2026
Uttarakhand

कोर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल ने मेधावियों को बांटी डिग्रियां

युवाओं से रोजगार सृजक बनने और राष्ट्र निर्माण में जुटने का किया आह्वान

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने मंगलवार को कोर विश्वविद्यालय के द्वितीय दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए छात्र-छात्राओं को डिग्रियां और मेडल प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस गौरवशाली अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि दीक्षांत केवल एक शैक्षिक उपाधि प्राप्त करने का अवसर नहीं है, बल्कि यह आत्मबोध से राष्ट्रबोध की ओर बढ़ने वाली एक जागरूक यात्रा का शुभारंभ है।

उन्होंने युवाओं को केवल नौकरी खोजने वाला बनने के बजाय आत्मनिर्भरता और नवाचार के मार्ग पर चलकर ‘रोजगार सृजक’ (Job Creator) बनने के लिए प्रेरित किया। राज्यपाल ने तकनीकी युग की महत्ता पर जोर देते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्पेस टेक्नोलॉजी और नैनो टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में भारत की प्रगति का उल्लेख किया और छात्रों से आधुनिकता के साथ अपनी आध्यात्मिक व सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने का आह्वान किया। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. अजय शर्मा ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. एन.के. गोयल मौजूद रहे। इस दौरान विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठित ‘सेठ रोशन लाल जैन ट्रॉफी’ से आयुषी पंवार, डोना चौहान और हनी चौधरी को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट जे.सी. जैन सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!