Wednesday, March 4, 2026
Uttarakhand

खाड़ी देशों में फंसे चम्पावत के लोगों का जुटेगा डेटा, प्रशासन ने जारी किए निर्देश

जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को दिया तत्काल सूचना संकलन का आदेश।

खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव और हालात को देखते हुए मांडल जिला चम्पावत प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी चम्पावत की ओर से एक अहम पत्र जारी कर जनपद के उन लोगों का विवरण तत्काल एकत्र करने के निर्देश दिए गए हैं, जो वर्तमान में खाड़ी देशों में निवास कर रहे हैं या किसी कारणवश वहां फंसे हुए हैं। कार्यालय से जारी पत्र में सभी उपजिलाधिकारियों तथा खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे क्षेत्रीय राजस्व उपनिरीक्षकों एवं ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों के माध्यम से निर्धारित प्रारूप में सूचना संकलित कर शीघ्र उपलब्ध कराएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कदम एहतियातन उठाया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता और समन्वय स्थापित किया जा सके। निर्धारित प्रारूप में संबंधित व्यक्ति का नाम, पिता का नाम, पता, मोबाइल नंबर, किस देश में निवासरत हैं, कब से वहां रह रहे हैं तथा गांव में परिजनों का संपर्क नंबर जैसी जानकारियां मांगी गई हैं।

प्रशासन ने यह भी कहा है कि सूचना संकलन का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि, “खाड़ी देशों में उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए एहतियातन जनपद के वहां रह रहे लोगों का डेटा संकलित किया जा रहा है। हमारा उद्देश्य है कि यदि किसी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होती है तो प्रशासन तुरंत समन्वय स्थापित कर सके और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जा सके। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सूचना संकलन में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।” उन्होंने जनपदवासियों से भी अपील की है कि जिनके परिजन खाड़ी देशों में हैं, वे संबंधित ब्लॉक या तहसील कार्यालय में जानकारी उपलब्ध कराने में सहयोग करें। प्रशासन की इस पहल को जनपद के लोगों की सुरक्षा और संवेदनशीलता से जोड़कर देखा जा रहा है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!