Saturday, March 21, 2026
Uttarakhand

तहसील दिवस में डीएम का एक्शन शिकायतें सुनीं, मौके पर समाधान; दिव्यांग प्रमाण पत्र प्रक्रिया भी शुरू कराई

बाराकोट में 50 से अधिक मामलों का निस्तारण, पेयजल से लेकर राशन-श्रम तक हर मुद्दे पर सख्त निर्देश।

बाराकोट विकासखंड सभागार में आयोजित तहसील दिवस इस बार पूरी तरह समाधान केंद्रित नजर आया। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में 50 से अधिक शिकायतों पर न सिर्फ सुनवाई हुई, बल्कि कई मामलों में मौके पर ही त्वरित कार्रवाई भी सुनिश्चित की गई। जिलाधिकारी ने एक-एक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ किया जाए।

सबसे संवेदनशील मामला बाराकोट निवासी आनंद कुमार का रहा, जिनकी दिव्यांग प्रमाण पत्र संबंधी समस्या पर डीएम ने तुरंत पहल करते हुए चिकित्सा व समाज कल्याण विभाग की टीम को वाहन के माध्यम से उपजिला चिकित्सालय लोहाघाट भेजकर प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया शुरू कराई। इस मानवीय पहल की मौके पर खूब सराहना हुई। वहीं ग्राम तड़ाग के होशियार सिंह बोहरा द्वारा पेयजल समस्या उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने जल निगम को दो माह के भीतर सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शांति देवी की बीपीएल संबंधी समस्या पर खाद्य पूर्ति विभाग और बीडीओ बाराकोट को जांच के निर्देश दिए गए, जबकि गुमौद के ग्राम प्रधान भुवन सिंह की मांग पर जल संस्थान को तत्काल हैंडपंप लगाने के आदेश दिए गए।

काकड़ निवासी ईश्वरी देवी को गैस कनेक्शन दिलाने, श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए बाराकोट में मासिक कैंप लगाने, और जन्म प्रमाण पत्र जैसे मामलों में भी मौके पर निर्देश जारी कर प्रशासन ने अपनी सक्रियता दिखाई। अन्य कई शिकायतों सोलर लाइट, नाली निर्माण, राशन कार्ड और क्षेत्रीय समस्याओं पर भी जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि तहसील दिवस का उद्देश्य सिर्फ सुनवाई नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं का तत्काल समाधान है, और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इस दौरान विधायक लोहाघाट खुशाल सिंह अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख सीमा आर्या, जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी, उपजिलाधिकारी नीतू डागर, बीडीओ अवनीश उपाध्याय सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!