Friday, February 6, 2026
Uttarakhand

नैनीताल की बेटियों ने राष्ट्रीय जूडो में जीता कांस्य पदक, प्रदेश का बढ़ाया मान

लालकुआं स्थिति चाइल्ड सैक्रेड सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रतिभाशाली छात्राओं ने जूडो में उत्तराखंड और जिले का नाम रोशन करते हुए शानदार उपलब्धि हासिल की है। स्कूल की छात्रा निहारिका जोशी ने -36 किग्रा वर्ग और मानसी रावत ने -70 किग्रा वर्ग में, मणिपुर के इम्फाल में गत माह आयोजित स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की 69वीं राष्ट्रीय जूडो चैंपियनशिप में कांस्य पदक अपने नाम किए। दोनों खिलाड़ियों ने देशभर के तमाम प्रतिभावान प्रतियोगियों को पछाड़ते हुए यह सफलता हासिल की।

इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए नैनीताल जूडो एसोसिएशन के सचिव एवं विद्यालय कोच दिनेश कुमार ने बताया कि दोनों बालिकाओं ने अतुलनीय दमखम और तकनीक का प्रदर्शन करते हुए पदक जीता। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के लगभग सभी राज्यों के खिलाड़ियों ने भाग लिया, ऐसे में यह जीत और भी सराहनीय है।

इस सफलता पर विद्यालय परिवार और क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं। उत्तराखंड जूडो एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बसंत पांडे, विद्यालय की एमडी सुनीता शर्मा पांडे, प्रधानाचार्य डॉ. प्रीति सिंह ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना की। सांसद व पूर्व राज्य मंत्री अजय भट्ट, विधायक डॉ. मोहन बिष्ट, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरिश्चंद्र दुर्गपाल, पूर्व विधायक नवीन दुम्का, नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीप कोश्यारी, पवन चौहान, खिलाफ सिंह दानू, प्रताप सिंह बिष्ट, प्रकाश जोशी, इंदर सिंह पानेरी, बिसन दत्त जोशी, रणजीत सिंह रावत और भरत नेगी सहित अनेक लोगों ने इस उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इसके अलावा, विद्यालय की अन्य होनहार छात्राएं डिंपल जोशी, अर्चना चौहान और खुशी जोशी ने भी राज्य स्तर पर श्रेष्ठ स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। यह सफलता न केवल इन बालिकाओं के अथक परिश्रम और जज्बे को दर्शाती है, बल्कि विद्यालय के संपूर्ण विकास पर ध्यान केंद्रित करने की नीति का भी एक सशक्त परिणाम है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!