Tuesday, February 10, 2026
Uttarakhand

लीसा विदोहन से रोजगार सृजन एवं वनाग्नि सुरक्षा को लेकर जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

वन विभाग के तत्वावधान में लीसा विदोहन से रोजगार सृजन एवं वनाग्नि सुरक्षा जन जागरूकता के उद्देश्य से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी की सुमधुर एवं प्रेरणादायक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजकुमार पोरी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि लीसा विदोहन न केवल वन संपदा के संरक्षण का माध्यम है, बल्कि इससे ग्रामीण महिला समूहों को स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और लोगों की आजीविका में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि वनाग्नि की रोकथाम में जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है और इस प्रकार के कार्यक्रम लोगों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि लीसा विदोहन जैसे कार्यों से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होते हैं, जिससे पलायन पर रोक लगेगी। उन्होंने वनाग्नि सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए आमजन से वन संरक्षण के सहयोग की अपील की गई।

कार्यक्रम में डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने कहा कि वन विभाग द्वारा लीसा विदोहन को संगठित, वैज्ञानिक एवं सुरक्षित प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने लीसा विदोहन की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि इससे प्राप्त राजस्व का लाभ ग्राम पंचायतों को प्राप्त होता है, जिससे स्थानीय विकास कार्यों को गति मिलती है। उन्होंने कहा कि इससे एक ओर वनाग्नि की घटनाओं में कमी आएगी, वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोगों को सतत रोजगार मिलेगा।

कार्यक्रम के संयोजक गजेंद्र पाठक ने शीतलाखेत माडल को उपस्थित जनसमूह के समक्ष प्रस्तुत करते हुए बताया कि यह माडल पर्यावरण संरक्षण, आजीविका संवर्धन एवं सामुदायिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है। जिसे अन्य क्षेत्रों में भी अपनाया जा सकता है।

कार्यक्रम के माध्यम से लीसा विदोहन, वनाग्नि रोकथाम एवं वन संरक्षण को लेकर व्यापक जन जागरूकता का संदेश दिया गया। विभिन्न नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जन सहभागिता और विभागीय समन्वय से वन संरक्षण का प्रभावी संदेश प्रस्तुत किया गया। इस दौरान नरेंद्र सिंह नेगी के गीतों ने उपस्थित जनसमूह को झूमने में मजबूर कर दिया।

इस अवसर पर डीएफओ सिविल सोयम पवन नेगी, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, व्यापार संघ पौड़ी के अध्यक्ष विनय शर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केशर सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, महिला समूहों की सदस्याएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!