पत्रकार हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता, आर्थिक सहायता सहित कई अहम प्रस्तावों को मिली सर्वसम्मति
पत्रकार हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता, आर्थिक सहायता सहित कई अहम प्रस्तावों को मिली सर्वसम्मति
एनयूजे उत्तराखंड के प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन में पत्रकारों के अधिकार, संगठन की मजबूती और समकालीन चुनौतियों पर हुआ व्यापक मंथन
लोहाघाट। नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे), उत्तराखंड के प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन में पत्रकारों के हितों की सुरक्षा, संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा बदलते दौर की पत्रकारिता के समक्ष उपस्थित चुनौतियों पर गंभीर एवं व्यापक मंथन किया गया। सम्मेलन में पत्रकार कल्याण को केंद्र में रखते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए, जिनमें जरूरतमंद पत्रकारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रस्ताव विशेष रूप से प्रमुख रहा।
नगर पालिका सभागार में आयोजित महासम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जगदीश चंद्र राय ने की। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के मजबूत स्तंभ होने के साथ-साथ समाज का सच्चा आईना हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पत्रकारों के हितों के संरक्षण और उनकी सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है। उन्होंने टनकपुर में निर्माणाधीन मीडिया सेंटर तथा चम्पावत जिला सूचना कार्यालय के विस्तार संबंधी योजनाओं की जानकारी भी साझा की।
एनयूजे उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष दया जोशी ने संगठन की भूमिका, पत्रकारों की एकजुटता तथा वर्तमान समय में पत्रकारिता के सामने खड़ी चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बदलते मीडिया परिदृश्य में पत्रकारों के अधिकारों और सुरक्षा को लेकर संगठन की भूमिका पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
संस्थापक अध्यक्ष त्रिलोक भट्ट ने अपने विचार रखते हुए कुमाऊँ की पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख किया और कहा कि पत्रकारों के सम्मान, अधिकारों और सुरक्षा के लिए संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने संगठनात्मक एकता को पत्रकारों की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए सभी सदस्यों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
सम्मेलन में नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने कहा कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और जनहितकारी सूचनाओं को पहुँचाने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने पत्रकारिता को लोकतंत्र और समाज के बीच एक मजबूत सेतु बताया।
भेषज संघ के संस्थापक अध्यक्ष एवं राज्य आंदोलनकारी हरगोविंद बोहरा ने कहा कि समाज को सही दिशा देने में पत्रकारों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने वर्तमान राजनीतिक व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह गंभीर चिंतन का विषय है कि कम शिक्षित जनप्रतिनिधि देश के प्रशासनिक तंत्र का संचालन करने वाले उच्च शिक्षित आईएएस, आईपीएस एवं अन्य अधिकारियों का नेतृत्व करते हैं। उन्होंने इस विषय पर समाज के प्रबुद्ध वर्ग से गंभीर मंथन की आवश्यकता बताई।
सम्मेलन के दौरान पत्रकार कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए संगठन की ओर से जरूरतमंद पत्रकारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
कार्यक्रम में व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष जुकरिया तथा जिला सूचना अधिकारी अनुज कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश संगठन मंत्री गिरीश बिष्ट ने किया।
इस अवसर पर प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार, धर्मानंद खोलिया, स्वराज पाल, नीटू धीमान, कपिल, शंकर भट्ट, गणेश रावत, गौरी शंकर पंत, हयात राम, बाबूलाल यादव, दीपक फुलेरा, नवीन जोशी, नवल जोशी, सुरेश गड़कोटी, नवनीत गहतोड़ी, नरेंद्र बिष्ट, विनोद कुमार चतुर्वेदी, ललित मोहन जोशी, मनोज राय, मनोज कापड़ी, कमलेश भट्ट, दिनेश भट्ट, सुरेश जोशी सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
