कैमरे बतायेंगे राजाजी टाइगर रिजर्व में कितने बाघ? वन्यजीवों की गणना शुरू
नेशनल टाइगर कंजर्वेशन प्राधिकरण ने राजाजी टाइगर रिजर्व में बाघों और वन्य जीवों की गणना आरंभ करवा दी है। यह गणना पार्क के डिप्टी डायरेक्टर महिपाल सिंह के निर्देशन मे होगी। वन्य जीवों की गणना के लिए पार्क की सभी 7 रेंजों में 476 कैमरे लगाए जा चुके हैं। सातों रेंज में दो किमी की परिधि में ग्रिड बनाकर 238 जोड़ी यानी 476 कैमरा ट्रैप रास्तों में आमने-सामने लगाए गए हैं। हर रेंज में 15 किमी की परिधि में बाघों और अन्य जीवों का साइन सर्वे भी किया जाएगा। इसी आधार पर गणना कर अलग-अलग वन्य जीवों का डेटा एप में फीड किया जाएगा। फरवरी तक वन्य जीवों की गणना पूरी हो जाएगी। वन्य जीवों की गणना के लिए हर बीट में दो सहायक समेत तीन कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। गौरतलब है कि नेशनल टाइगर कंजर्वेशन प्राधिकरण (एनटीसीए) की ओर से वर्ष 2017 के बाद वन्यजीवों की गणना कराई जा रही है। वर्ष 2017 की गणना के समय पार्क में कुल 38 बाघ थे। जिनमें अकेले चीला रेंज में 35 बाघ चिह्नित हुए थे। अन्य रेंजों में हाथी, हिरण और सांभर, भालू, तेंदुआ, चीतल हैं।