पत्नी को बेच कर खरीदा महंगा फोन
एक युवक ने महंगे मोबाइल का शौक पूरा करने के लिए नवविवाहिता पत्नी को ही एक अधेड़ के हाथों बेच दिया। मामला ओडिशा के बलांगिर जिला के बेडपड़ा थाना क्षेत्र का मामला है। एक युवक और युवती के बीच सोशल मीडिया के जरिए पहले प्यार हुआ फिर शादी और शादी के महज तीन महीने बाद ही युवक ने पत्नी को 55 साल के शख्स के पास एक लाख रुपए में बेच दिया। इतना ही नहीं पति ने उस रकम से एक महंगा मोबाइल फोन खरीदा। मामले में अब पुलिस ने पीड़िता को रेस्क्यू कर लिया है। पीड़िता का पति युवक 17 साल का था जबकि उसने 24 साल की लड़की से सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती होने के बाद शादी की थी। ओडिशा पोस्ट की खबर के मुताबिक, शादी के कुछ वक्त बाद पति पत्नी दोनों रायपुर में जाकर ईंट भट्टे का काम करके परिवार का खर्चा चलाने लगे। इस बीच दोनों का आर्थिक हालत में सुधार नहीं हुआ। ओडिशा पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले उसने राजस्थान जाकर 55 साल के एक शख्स के साथ अपनी पत्नी का एक लाख रुपए में सौदा कर दिया। पैसे लेकर वह वापस लौट गया। उसने रकम का कुछ हिस्सा खाने पर खर्च किया और बाकी रकम से एक महंगा फोन खरीदा। इतना ही नहीं अपने और लड़की के घरवालों से कहा कि उसकी पत्नी किसी और के साथ भाग गई है।
लड़की के घरवालों को शक होने पर उन्होंने ओडिशा के बेलपड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस द्वारा की गयी जांच में जल्दी ही मामले से पर्दा उठ गया। आरोपी पति की निशानदेही पर पुलिस टीम ने लड़की को राजस्थान से रेस्क्यू किया। कोर्ट में लड़की ने बताया कि उसके पति ने पैसे के लालच में किसी और के पास उसे बेच दिया। कोर्ट के आदेश पर लड़की अपने घरवालों के पास पहुंच गई। जबकि आरोपी पति को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।