रूड़की में धर्मांतरण के आरोप पर चर्च में मारपीट और तोड़फोड़

8 नामजद समेत 250 लोगों पर मारपीट, तोड़फोड़, जान से मारने की कोशिश और डकैती का केस दर्ज

उत्तराखंड, रुड़की में सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित सोलानीपुरम में एक चर्च पर धर्मांतरण कराने का आरोप लगाते हुए सैकड़ों लोगों की भीड़ ने प्रार्थना कर रहे लोगों पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। आरोप लगाया गया है कि चर्च में तोड़फोड़ करते हुए वहां प्रार्थना कर रहे लोगों के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की कोशिश की गई। हमलावरों पर लूटपाट का भी आरोप लगा है। कहा गया है कि हमलावरों ने महिलाओं और बुजुर्गों को भी नहीं बख्शा। मारपीट की घटना में रजत, सुमितए प्रिंस, वीरपाल, अजीत, शुभम, विलसन डाइसल और आझी चौहान घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। जिनमें से एक की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने देहरादून रेफर कर दिया। हमले की सूचना पर आनन फानन भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक हमलावर भाग चुके थे। तनाव को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। आरोप है कि भाजयुमो के प्रदेश मंत्री सागर गोयल, भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री धीर सिंह, विहिप मंत्री शिवप्रसाद त्यागी, महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष सीमा गोयल, बबीता चौहान, सुनील, राखी प्रधान, रजनी गोयल समेत ढाई सौ लोगों ने हमला बोला है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने भाजयुमो, भाजपा ओबीसी मोर्चा, विहिप और भाजपा महिला मोर्चा के नेताओं समेत 250 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!