हड़ताली राज्य कर्मचारी बड़े प्रदर्शन की तैयारी में
उत्तराखण्ड में कर्मचारी संगठनों के प्रदर्शनों, हड़तालों और काम के बहिष्कार के मामले में सरकार द्वारा पूर्व में ‘नो वर्क नो पे’ का रवैया दिखाने के बावजूद कर्मचारी बड़े प्रदर्शन की तैयारी में हैं। प्रदेश के कई कर्मचारी संगठनों के आंदोलन के बीच, गत दिवस सचिवालय संघ ने भी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। गत दिवस मुख्य सचिव एसएस संधू के आदेश में कहा गया था कि राज्य सरकार ने कर्मचारी संगठनों की जायज़ मांगें समय समय पर मानी हैं। इसके बावजूद इस तरह हड़ताल या बहिष्कार करना जनहित के खिलाफ और दंडनीय है। आदेश के मुताबिक सभी विभागों और दफ्तरों के प्रशासन से कहा गया है कि कर्मचारियों की हाज़िरी कड़ाई से ली जाए और जो कर्मचारी दफ्तर आकर भी अनुपस्थित रहें, उन्हें हड़ताली मानकर संबंधित कार्रवाई की जाए। इस आदेश से कर्मचारी और भड़क गये। सभी कर्मचारियों द्वारा काम का बहिष्कार करने से सचिवालय में भी काम ठप पड़ा रहा। सरकारी रवैये का विरोध कर रहे कर्मचारी सचिवालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सचिवालय में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।