सांप की केंचुली के चक्कर में महिला ने गंवाये लाखों के जेवर
सांप की केंचुली की चाहत एक महिला को इतनी भारी पड़ी कि उसकी जान पर बन आयी और उसे लाखों के जेवर गंवाने पड़े। मामला हरिद्वार का जहां सांप की केंचुली देने के बहाने एक युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर मूलतः मुंबई की रहने वाली महिला के जेवर लूट लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला के चेहरे पर पत्थरों से हमलाकर बेहोश किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूलतः मुंबई के रहने वाले कुष्ण कन्हैया रंगा बीते सितंबर से कनखल के पुरूषोत्तम विहार ने रह रहे हैं। कुछ दिन पूर्व स्वयं को सपेरा बताने वाले युवक ने उनकी मां चंदादेवी को सांप की केंचुली देने की बात कहकर मातृ सदन रोड जगजीतपुर में बुलाया। जहां से एक अन्य युवक के साथ वह महिला को मातृ सदन रोड से पुल पार कर जंगल में ले गया। जहां युवकों ने महिला के सिर और मुंह पर पत्थरों से हमला कर दिया। इससे महिला बेहोश हो गई। महिला को मृत समझकर हाथों से सोने की चूड़ियां, सोने की अगूंठी निकालकर फरार हो गए। घटना के बाद राहगीरों ने महिला को देखा और कनखल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जिसके बाद कृष्ण कन्हैया रंगा ने हरिद्वार आकर कनखल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।