विदेश मामलों, सांप्रदायिक सद्भाव और सामाजिक व्यवस्था पर गलत टिप्पणियां करने वाले 16 यूट्यूब चैनल बैन

भारत के खिलाफ सुनियोजित ढंग से गलत सूचनाओं का प्रसारण करने वाले 6 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों सहित 16 चैनलों को भारत के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के आदेश पर ब्लॉक कर दिया गया है। इनमें 10 यूट्यूब चैनल भारतीय हैं। भारत के विदेश मामलों, सांप्रदायिक सद्भाव और सामाजिक व्यवस्था को लेकर गलत टिप्पणियां करने वाले तथा देश में प्रोपेगंेडा फैलाने वाले इन चैनलों की करीब 68 करोड़ व्यूहरशिप थी। इन चैनलों में से किसी ने भी आईटी रूल्स, 2021 के तहत केंद्र सरकार को अपने प्रसारण के बारे में जानकारी नहीं दी थी।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का कहना है कि पाकिस्तान स्थित चैनलों से भारत के खिलाफ सुनियोजित ढंग से गलत सूचनाओं का प्रसारण किया जा रहा था। भारतीय सेना, जम्मू कश्मीर, भारत के विदेश मंत्राल, यूक्रेन की स्थिति जैसे मसलों पर गलत जानकारी का प्रसारण लगातार किया जा रहा था। मंत्रालय ने कहा कि इन चौनलों का कॉन्टेंट पूरी तरह से गलत पाया गया था। इसके अलावा राष्ट्रीय सुरक्षा, संप्रभुता और देश की अखंडता के लिहाज से भी यह सही नहीं था।
भारत से ही चलने वाले कई चौनल ऐसे भी थे, जिनमें बिना किसी वेरिफिकेशन के ही समाचारों का प्रसारण हो रहा था। भारत से चलने वाले कुछ यूट्यूब चौनलों द्वारा समुदाय विशेष के लिये आपत्तिजनक टिप्पणियां करने से सामाजिक वैमनस्यता पैदा होने का खतरा था। इनमें ऐसी सामग्री का प्रसारण किया जा रहा था जिससे समाज में उपद्रव और दुर्भावना की स्थिति पैदा हो सकती थी।
एक सरकारी बयान में कहा गया, ‘‘फेक न्यूज के कुछ उदाहरण हैं कि कई बार गलत जानकारी दी गई कि सरकार पूरे भारत में कोरोना के चलते लॉकडाउन लगाने पर विचार कर रही है। इसके चलते माइग्रेट लेबर्स में डर की स्थिति पैदा हुई। इसके अलावा कुछ धर्मों को लेकर भी गलत जानकारी दी गई और उनके अनुयायियों को खतरा होने की बातें कही गईं। देश की व्यवस्था के भंग होने का खतरा इनके चलते था।’’ इन तमाम बातों को ध्यान में रखते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने ऐसा चैनलों का प्रसारण बंद करने का फैसला किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!