चर्च प्रकरण में गिरफ्तारी से हड़कंप, कई आरोपी भूमिगत

धर्मान्तरण का आरोप लगाते हुए हिंदुवादी संगठनों से जुड़े लोगों द्वारा तीन माह पूर्व रूड़की के सोलानीपुरम स्थित चर्च में की गयी तोड़फोड़ मामले में पुलिस द्वारा दो हिंदुवादी संगठनों के पदाधिकारियों की गिरफ्तारी की गयी है। जिसके बाद से दोनों पक्षों के कई आरोपी भूमिगत हो गये हैं। इससे चर्च से जुड़े लोगों में भी हड़कंप मचा है। क्योंकि दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज करायी गयी थी। अब चर्च से जुड़े लोंगों को भी अपनी गिरफ्तारी का डर सता रहा है।
गौरतलब है कि 6 अक्तूबर, 2021 को रूड़की सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के सोलानपुरम स्थित चर्च में हिंदु संगठनों से जुड़े लोगों ने धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए तोड़फोड़ के साथ ही चर्च में प्रार्थना कर रहे लोगों को भी पीटा था। जिसमें एक युवक को गंभीर चोट आईं थीं। इस मामले में पुलिस ने चर्च प्रमुख की तहरीर पर भाजपा और विहिप के 7 नेताओं को नामजद करते हुए ढाई सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़, डकैती का मुकदमा दर्ज किया था। दूसरे पक्ष की ओर से भी आदर्शनगर निवासी एक महिला ने चर्च से जुड़े लोगों पर दो-दो लाख रुपये और नौकरी का लालच देकर धर्मांतरण का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। जिस पर पुलिस ने चर्च प्रमुख समेत दस लोगों पर मारपीट, डकैती, छेड़छाड़ और एससी-एसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज कर लिया था।
अब इस मामले में हिंदू संगठन से जुड़े शिव प्रसाद त्यागी और सुनील कश्यप को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस दोनों पक्षों के अन्य नामजद लोगों की भी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। जिससे भाजपाई और चर्च से जुड़े लोग भूमिगत हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!