Tuesday, March 17, 2026
Uttarakhand

घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर जिलाधिकारी सख्त »

छापेमारी में 10 सिलेंडर जब्त और 41 नोडल अधिकारी तैनात

जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग को रोकने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला पूर्ति विभाग ने व्यापक छापेमारी अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी की सख्त हिदायत के बाद जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल के नेतृत्व में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों की टीम ने जनपद के विभिन्न होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंट्स सहित कुल 15 व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर औचक दबिश दी।

इस कार्रवाई के दौरान बहादराबाद के नवोदय नगर से 05 और तहसील भगवानपुर क्षेत्र से 05, यानी कुल 10 घरेलू गैस सिलेंडर अवैध रूप से व्यावसायिक उपयोग में लाते हुए पाए गए, जिन्हें टीम ने तुरंत कब्जे में लेकर जब्त कर लिया। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई भारत सरकार के आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत ‘प्राकृतिक गैस (आपूर्ति विनियमन) आदेश 2026’ के अनुपालन में की गई है। प्रशासन ने व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और सख्त बनाने के लिए जनपद की सभी 41 गैस एजेंसियों पर अलग-अलग नोडल अधिकारी भी नामित कर दिए हैं, जो नियमित रूप से गैस वितरण और उसके उपयोग का अनुश्रवण करेंगे। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में भी किसी प्रतिष्ठान में घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग पाया गया, तो उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!