Saturday, April 25, 2026
AlmoraKumaunLatestNewsUttarakhand

पत्रकारों पर हमला प्रेस की स्वतंत्रता का गला घोंटने का कुत्सित प्रयास: NUJ

 अल्मोड़ा के नर्सिंग कॉलेज प्रबंधक की गुंडागर्दी पर भड़की नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स

DGP और SP को पत्र भेजकर आरोपी संदीप ठाकुर की गिरफ्तारी की मांग, प्रदेश भर के पत्रकारों में भारी रोष

हरिद्वार/अल्मोड़ा। अल्मोड़ा स्थित ‘मां अम्बे इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग’ में समाचार कवरेज के दौरान वरिष्ठ पत्रकारों के साथ प्रबंधक द्वारा की गई अभद्रता और हमले के प्रयास ने प्रदेश के पत्रकार जगत को उद्वेलित कर दिया है। नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (NUJ) ने इस कायराना कृत्य की तीखी निंदा करते हुए आरोपी प्रबंधक संदीप ठाकुर के खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्यवाही की मांग की है। यूनियन ने स्पष्ट किया है कि चौथे स्तंभ पर हमला करने वाली मानसिकता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस की मौजूदगी में दुस्साहस: क्या है घटना?

उल्लेखनीय है कि उक्त नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने प्रबंधन पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इस संवेदनशील मामले की जांच के लिए जब पुलिस टीम संस्थान पहुंची थी, तभी वहां कवरेज कर रहे वरिष्ठ पत्रकार किशन जोशी ने निष्पक्ष पत्रकारिता का धर्म निभाते हुए प्रबंधक संदीप ठाकुर का पक्ष जानना चाहा।

आरोप है कि सच का सामना करने के बजाय प्रबंधक ने अपना आपा खो दिया और पुलिस की मौजूदगी में ही वरिष्ठ पत्रकार की माइक आईडी व कैमरा छीनकर उनसे अभद्रता की। जब प्रबंधक ने पत्रकार पर शारीरिक हमले का प्रयास किया, तो वहां मौजूद पत्रकार मोहित अधिकारी और अभिषेक साह ने डटकर इसका विरोध किया और बीच-बचाव किया।

यूनियन का कड़ा रुख: ‘हथकड़ी लगने तक जारी रहेगा विरोध’

यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष दया जोशी ने पुलिस महानिदेशक (DGP) और पुलिस अधीक्षक (SP) अल्मोड़ा को भेजे पत्र में कड़े शब्दों में कहा है कि पत्रकारों को उनके संवैधानिक कर्तव्यों से रोकना प्रेस की स्वतंत्रता का खुला हनन है। उन्होंने कहा:

“जिस प्रकार बलपूर्वक मीडियाकर्मियों को दबाने की कोशिश की गई, वह अत्यंत निंदनीय और अशोभनीय है। पत्रकारों पर हमला करने की नीयत पालने वाले अराजक तत्वों के लिए समाज में कोई स्थान नहीं है।”

प्रदेश भर के पत्रकार एकजुट

यूनियन के संरक्षक त्रिलोक चन्द्र भट्ट, महासचिव गोपालदत्त गुरूरानी, उपाध्यक्ष दीपक पाठकसुनील शर्मा सहित पूरी प्रदेश कार्यकारिणी ने एक सुर में इस घटना की भर्त्सना की है। बागेश्वर, चंपावत, देहरादून, पौड़ी, पिथौरागढ़, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार समेत सभी जिलों के जिला प्रभारियों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी प्रबंधक के खिलाफ अविलंब कड़ी कार्यवाही नहीं हुई, तो यूनियन पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

निंदा करने वालों में मुख्य रूप से शामिल: सचिव जगदीश उपाध्याय, पुष्पेंद्र राणा, संगठन मंत्री गिरीश सिंह बिष्ट, कैलाश चन्द्र भट्ट, कोषाध्यक्ष हरपाल सिंह, प्रचार मंत्री बाबा आदित्य दास, समीर परवेज सहित शंकर पाण्डे (बागेश्वर), सुधीर बडोला (देहरादून), जसपाल नेगी (पौड़ी), अर्जुन सिंह रावत (पिथौरागढ़), दरवान सिंह रावत (अल्मोड़ा) व अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!