Tuesday, May 26, 2026
Uttarakhand

भजन-कीर्तन से गूंजेगा नशा मुक्त चम्पावत का संदेश। »

मुख्यमंत्री संस्कृति संवर्धन पहल के तहत महिला भजन मंडली को संस्कृति किट भेंट, डीएम मनीष कुमार बोले— लोक संस्कृति ही समाज की असली शक्ति।

माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में जनपद चम्पावत में “नशा मुक्त भारत, नशा मुक्त देवभूमि” अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार अभिनव पहल कर रहा है। इसी क्रम में रविवार को “माननीय मुख्यमंत्री संस्कृति संवर्धन पहल – कला, परंपरा और पहचान” कार्यक्रम के अंतर्गत चम्पावत स्थित हनुमान मंदिर में महिला भजन मंडली को संस्कृति संवर्धन किट भेंट की गई।

यह पहल केवल लोक संस्कृति के संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक चेतना जागृत करने और युवाओं को नशे से दूर रखने का प्रभावी माध्यम भी बन रही है। कार्यक्रम के जरिए लोक संस्कृति, भजन-कीर्तन, पारंपरिक कला और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देते हुए जनजागरूकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान महिला भजन मंडली की महिलाओं ने संस्कृति संवर्धन किट में उपलब्ध वाद्य यंत्रों के साथ भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। महिलाओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से लोक संस्कृति को नई ऊर्जा मिल रही है तथा महिलाओं को अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए सशक्त मंच प्राप्त हो रहा है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बालेश्वर मंदिर एवं हनुमान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर जनपद की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति की कामना की। उन्होंने बालेश्वर मंदिर परिसर में संचालित विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण भी किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि “मुख्यमंत्री संस्कृति संवर्धन पहल” के अंतर्गत धार्मिक एवं सामुदायिक संस्थाओं को संस्कृति संवर्धन किट उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनमें पुस्तकें, वाद्य यंत्र एवं जनजागरूकता सामग्री शामिल है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से संस्कारवान, जागरूक और नशा मुक्त चम्पावत का निर्माण करना है। इसके लिए निरंतर सांस्कृतिक कार्यक्रमों, जनसंवाद और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। कार्यक्रम में पवन गिरी, विकास साह, विनीता फर्त्याल, अशोक अधिकारी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!