कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने किया बहुउद्देशीय शिविर का शुभारंभ
शिविर में 58 शिकायतें एवं 55 मांग पत्र हुए प्राप्त, 19 दिव्यांगों को मिले प्रमाण पत्र
चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकासखंड एकेश्वर के पणखेत में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ काबीना मंत्री सतपाल महाराज द्वारा किया गया।
शुक्रवार को आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में स्थानीय विधायक व काबीना मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में पिछले नौ वर्षों में विकास के अनेक कार्य किए गए हैं। वहीं, बहुप्रतीक्षित भूम्या डांडा तथा ज्वाल्पा देवी ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजनाओं हेतु 44 करोड़ 18 लाख 82 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन दोनों योजनाओं से विकासखंड के 24 छोटे -बड़े गांवों एवं तोकों की जनता को पेयजल सुविधा का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल निगम द्वारा विकासखंड में 31 करोड़ 64 लाख 93 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं, जल संस्थान द्वारा 14 करोड़ 67 लाख 93 हजार रुपये की लागत से विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।
काबीना मंत्री महाराज ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत द्वितीय चरण स्टेज -1 एवं स्टेज -2 में 12 मोटर मार्गों को स्वीकृति प्रदान की गई, जिनमें से 10 योजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा दो योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा विकासखंड एकेश्वर में पांच मोटर मार्गों हेतु 9 करोड़ 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से चार मोटर मार्गों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि मनकोटखाल -कल्याणी मोटर मार्ग पर कार्य जारी है।
ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत स्टेज -1, स्टेज -2 एवं स्टेज -3 में 14 मोटर मार्गों के नव निर्माण, सुधारीकरण एवं डामरीकरण हेतु 71 करोड़ 19 लाख 7 हजार रुपये स्वीकृत किए गए, जिन पर कार्य पूर्ण हो चुका है। स्टेज -4 के अंतर्गत मैणा-पिलखैरा तथा झंगरबौ -सिवाल मोटर मार्गों के टेंडर हो चुके हैं तथा भंडाली गांव मोटर मार्ग की स्वीकृति प्राप्त हो गई है।
उन्होंने कहा कि 8 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से 13 मोटर मार्गों का रखरखाव व मृत कार्य का नवीनीकरण कार्य किया गया है। विकासखंड मुख्यालय के जर्जर भवन के स्थान पर नए भवन का निर्माण 3 करोड़ 37 लाख 19 हजार रुपये की लागत से कराया गया। पुसोली, हलूणी एवं सासौ सहित 27 ग्राम पंचायतों में पंचायत भवनों के निर्माण हेतु 2 करोड़ 70 लाख रुपये स्वीकृत किए गए तथा 56 लाख रुपये की लागत से 14 पंचायत भवनों की मरम्मत कराई गई।
महाराज ने बताया कि 4 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत से एसडीआरएफ के अंतर्गत 22 योजनाओं पर कार्य किया गया। ग्राम सिवाल में 12 स्वतंत्रता सेनानियों, मौंदाड़ी -बग्याली मोटर मार्ग पर शहीद बाबा मोहन सिंह उत्तराखण्डी, दुंदराकोटी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बलवंत सिंह मियां तथा पिनानी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय कुंदन सिंह गुसाईं की स्मृति में स्मृति द्वारों का निर्माण किया गया है।
काबीना मंत्री महाराज ने कहा कि राजकीय सिंचाई विभाग के अंतर्गत बाढ़ सुरक्षा, भू -कटाव रोधी पुस्तों एवं नहर मरम्मत सहित 30 योजनाओं पर 8 करोड़ 52 लाख रुपये व्यय किए गए। लघु सिंचाई विभाग द्वारा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, साधारण सिंचाई एवं चेक डैम निर्माण पर 1 करोड़ 90 लाख रुपये खर्च किए गए। इसके अतिरिक्त 3 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में लघु एवं दीर्घ मरम्मत, विद्युतीकरण, शौचालय निर्माण तथा अतिरिक्त कक्षा -कक्षों का निर्माण किया गया। सतपुली से ज्वालपा पुल तक 33 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग का चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण कार्य किया गया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की स्वीकृत पंपिंग पेयजल योजनाओं हेतु विद्युत लाइन विस्तार, पुराने पोलों के प्रतिस्थापन, एलटी एबी केबल लाइन निर्माण, ट्रांसफार्मर बदलने एवं जीरो वन केवी पोषक कार्यों पर 6 करोड़ 45 लाख रुपये व्यय किए गए। विकासखंड के अंतर्गत पंजीकृत महिला मंगल दलों एवं युवक मंगल दलों को स्वावलंबन एवं स्वास्थ्य संवर्द्धन के तहत 21 लाख 26 हजार 428 रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की गई। सतपुली -संगलाकोटी -बैजरों के 24 किलोमीटर मार्ग हेतु सीआरआईएफ मद से 26 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
बहुउद्देशीय शिविर में 19 दिव्यांगजनों को दिव्यांग प्रमाण पत्र वितरित किए गए। शिकायत काउंटर पर 58 शिकायतें एवं 55 मांग पत्र सहित कुल 113 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश का नाम मौके पर ही निस्तारण किया गया। शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, समाज कल्याण, विद्युत एवं जल संस्थान सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इस दौरान संस्कृति विभाग एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा गढ़वाली लोकगीत, लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष आरती नेगी, जिला पंचायत सदस्य दीपिका ईष्टवाल, ब्लाक प्रमुख पंकज बिष्ट, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, खंड विकास अधिकारी सौरभ हांडा, प्रभारी संस्कृति विभाग अनिल सिंह बिष्ट, पूर्व काबीना मंत्री अमृता रावत, सुयश रावत, निशीथ सकलानी, मोहिना रावत, राकेश नैथानी, देवेंद्र भट्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

