Sunday, May 31, 2026
Uttarakhand

मन की बात कार्यक्रम में शामिल हुए मंत्री मदन कौशिक व महापौर किरण जैसल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का प्रसारण रविवार को मध्य हरिद्वार मंडल के बूथ संख्या 159, वार्ड संख्या 19 खन्ना नगर में सामूहिक रूप से सुना गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक एवं हरिद्वार की महापौर किरण जैसल ने भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों के साथ सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास, जनभागीदारी, सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार, युवाओं की भूमिका और आत्मनिर्भर भारत जैसे विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के संदेशों को गंभीरता से सुना।

कार्यक्रम के उपरांत कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों को जोड़ने वाला सशक्त संवाद मंच बन चुका है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री समय-समय पर युवाओं, महिलाओं, किसानों, वैज्ञानिकों, खिलाड़ियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की प्रेरणादायक कहानियों को देश के सामने रखते हैं, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन की भावना को बल मिलता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है तथा ‘मन की बात’ के माध्यम से आम नागरिकों के प्रयासों और उपलब्धियों को राष्ट्रीय पहचान मिल रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

महापौर किरण जैसल ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को प्रेरित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री समाज के उन अनदेखे नायकों को सामने लाते हैं, जो अपने कार्यों से समाज और राष्ट्र में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। यह कार्यक्रम नागरिकों को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने और राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने की प्रेरणा देता है।

भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, स्थानीय उत्पादों के उपयोग और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर लगातार जोर देते रहे हैं। उन्होंने इन विषयों पर जनसहभागिता बढ़ाने की आवश्यकता बताई।

इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, पार्षदगण, वरिष्ठ कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!