Friday, June 5, 2026
Uttarakhand

विश्व पर्यावरण दिवस पर चम्पावत में गूंजा हरियाली का संदेश

स्कूली बच्चों ने निकाली जागरूकता रैली, जल स्रोतों के संरक्षण और वृक्षारोपण का लिया संकल्प।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद भर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूली बच्चों ने पर्यावरण जागरूकता रैलियां निकालकर लोगों को वृक्षारोपण एवं जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया। वहीं नौलों, धारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पौधरोपण कर प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया गया।

माउंट कार्मल स्कूल के बच्चों द्वारा वन विभाग कार्यालय परिसर में आयोजित समारोह में मनमोहक नाटक का मंचन कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे ने कहा कि वन हमारे पूर्वजों की अमूल्य धरोहर हैं। इन्हीं के कारण हमें शुद्ध वायु और स्वच्छ जल प्राप्त होता है, इसलिए इनका संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जहां भी रहें, एक पौधा जन्म देने वाली मां के नाम और एक पौधा धरती मां के नाम अवश्य लगाएं तथा उनकी सुरक्षा का भी संकल्प लें। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते वन संरक्षण और वृक्षारोपण को जन आंदोलन नहीं बनाया गया तो आने वाली पीढ़ियों के लिए हरे-भरे जंगलों के स्थान पर बंजर पहाड़ और रेगिस्तान छोड़ने पड़ेंगे।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ सहायक आनंद गिरी ने किया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम पांडे, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने भी पर्यावरण संरक्षण पर अपने विचार रखे। वन क्षेत्राधिकारी बृजमोहन टम्टा एवं उनकी टीम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में एसडीओ सुनील कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करता है।

उधर जीआईसी दिगालीचौड़ में प्रधानाचार्य डॉ. सुधाकर जोशी के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने वृक्षारोपण किया। जूनियर हाईस्कूल कुर्ती में प्रधानाध्यापक लक्ष्मण सिंह मेहता के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। लोहाघाट में वन क्षेत्राधिकारी रमेश चंद्र जोशी, कालीकुमाऊं में राजेश जोशी, देवीधुरा में दीप जोशी, भिंगराड़ा में हिमालय सिंह टोलिया, दोबाड़ी में धीरज कुमार जोशी तथा अन्य क्षेत्रों में वन विभाग के अधिकारियों के नेतृत्व में स्कूली बच्चों ने आकर्षक रैलियां निकालीं। इस दौरान बड़ी संख्या में पौधरोपण किया गया तथा सभी ने पेड़ों की सुरक्षा और जल संरक्षण का संकल्प लिया।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!