लोहाघाट के राकेश ने रचा सफलता का नया इतिहास, उप शिक्षा अधिकारी बन बढ़ाया चम्पावत का मान
साधारण परिवार से निकलकर हासिल की बड़ी सफलता, डीएम मनीष कुमार ने किया सम्मानित; युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत।
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर उप शिक्षा अधिकारी पद पर चयनित हुए विकासखंड लोहाघाट के ग्राम कलीगाँव निवासी राकेश कुमार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में सम्मानित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर तथा पुस्तक भेंट कर सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वर्तमान में उत्तराखंड सचिवालय में सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) के पद पर कार्यरत राकेश कुमार के उप शिक्षा अधिकारी पद पर चयन से पूरे जनपद में खुशी का माहौल है। जिलाधिकारी ने कहा कि सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश से निकलकर राकेश ने जो उपलब्धि हासिल की है, वह चम्पावत के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
राकेश कुमार शिक्षा विभाग से अनुसेवक पद से सेवानिवृत्त नारायण राम और गृहिणी बसंती देवी के पुत्र हैं। कठिन परिश्रम, लगन और निरंतर संघर्ष के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जनपद का गौरव बढ़ाया है। राकेश ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और अपने भाइयों के मार्गदर्शन को देते हुए बताया कि उन्होंने बेनीराम पुनेठा इंटर कॉलेज लोहाघाट से इंटरमीडिएट, स्वामी विवेकानंद पीजी कॉलेज से स्नातक तथा उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय से एमए की पढ़ाई पूरी की।
अध्ययन के साथ-साथ उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी लगातार जारी रखी। राकेश कुमार की उपलब्धियों की सूची भी बेहद प्रभावशाली है। उप शिक्षा अधिकारी पद पर चयन से पूर्व वह वीपीडीओ, सहायक समाज कल्याण अधिकारी, सिंचाई विभाग में कनिष्ठ सहायक तथा आईआईटी रुड़की में कंप्यूटर सहायक/ऑपरेटर जैसे पदों पर भी अंतिम रूप से चयनित हो चुके हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि राकेश कुमार की यह सफलता मेहनत, धैर्य और दृढ़ संकल्प की मिसाल है, जो आने वाली पीढ़ी को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए प्रेरित करेगी।

