आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित
आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित*
*अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में हुई बैठक*
*मतदान केंद्रों पर बूथों के समायोजन, मतदाताओं की सुविधा एवं जर्जर भवनों की स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराने के दिए निर्देश*
*हरिद्वार। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों तथा जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा सामान्य निर्वाचन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए की जाने वाली तैयारियों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जिन भवनों अथवा स्थानों पर तीन पोलिंग बूथ बनाए गए हैं तथा मतदाताओं की संख्या 1,200 से अधिक नहीं है, ऐसे भवनों एवं स्थानों पर भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतदाताओं को दो बूथों में समायोजित किए जाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों की व्यवस्था इस प्रकार सुनिश्चित की जाएगी कि मतदाताओं को अपने मतदेय स्थल तक पहुंचने के लिए दो किलोमीटर से अधिक दूरी पैदल तय न करनी पड़े। इसके लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप दो किलोमीटर के दायरे में मतदान केंद्रों की व्यवस्था किए जाने पर जोर दिया गया।
अपर जिलाधिकारी ने यह भी अवगत कराया कि कई विद्यालयों के उच्चीकृत होने के कारण उनके नामों में परिवर्तन हुआ है। ऐसे में मतदान केंद्रों से संबंधित अभिलेखों में आवश्यक संशोधन एवं अद्यतन जानकारी सुनिश्चित की जानी आवश्यक है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित ऐसे पोलिंग बूथों का निरीक्षण करें, जो जर्जर भवनों में संचालित हो रहे हैं अथवा जिन विद्यालयों एवं भवनों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं, वे बंद हो चुके हैं। ऐसे मतदान केंद्रों एवं भवनों की स्थिति की जानकारी निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके और निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के चंद्रपाल सिंह, भाजपा के मंडल अध्यक्ष बिंदर पाल, सीपीआई(एम) के राजीव गर्ग, बहुजन समाज पार्टी के विकेश कुमार, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी धर्मपाल सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
