कैलाश हॉस्पिटल, देहरादून एवं पंजाब नेशनल बैंक रिटायरी एसोसिएशन के बीच हुआ महत्वपूर्ण समझौता: पीएनबी के वर्तमान एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ आश्रितों को मिलेगी रियायती दरों पर बेहतर चिकित्सा सुविधा
देहरादून। कैलाश हॉस्पिटल, देहरादून एवं ऑल इंडिया पीएनबी पेंशनर्स एसोसिएशन के बीच हुआ महत्वपूर्ण टाईअप। पंजाब नेशनल बैंक के वर्तमान एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों को बेहतर एवं किफायती स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कैलाश हॉस्पिटल, देहरादून और ऑल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक पेंशनर्स एसोसिएशन हरिद्वार मंडल के बीच महत्वपूर्ण समझौता हुआ। हॉस्पिटल के निदेशक श्री पवन शर्मा ने एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राज कुमार शर्मा को इस आशय का सहमति पत्र सौंपा।
इस समझौते के तहत पीएनबी के वर्तमान एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों तथा उनके परिजनों को कैलाश हॉस्पिटल, देहरादून में विभिन्न चिकित्सा सेवाएं प्राथमिकता के साथ रियायती दरों पर उपलब्ध होंगी। इनमें ओपीडी, आईपीडी, इमर्जेंसी, ट्रॉमा सेंटर, आईसीयू, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन, पैथोलॉजी जांच, विशेष हेल्थ पैकेज आदि सभी सेवाएं शामिल हैं। कैलाश हॉस्पिटल देहरादून एक मल्टी स्पेशलिटी चिकित्सा संस्थान है जिसमें एक ही स्थान पर लगभग सभी चिकित्सा सेवाएं जैसे हृदय सम्बन्धी कार्डियोलॉजिस्ट, कार्डियोसर्जन, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, अलग कैंसर डिपार्टमेंट, गायनेकोलॉजी, डेंटल, ई एन टी, आंखों का इलाज, जनरल फिजिशियन/सर्जन आदि सभी तरह की सुविधाएँ उपलब्ध है।
निदेशक श्री पवन शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि देश के आर्थिक विकास में बैंक कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं रियायती दरों पर उपलब्ध कराना उनके लिए खुशी की बात है।
इस अवसर पर एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राज कुमार शर्मा ने कैलाश हॉस्पिटल ग्रुप की चिकित्सा क्षेत्र में एवं सामाजिक गतिविधियों में योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था उत्तराखंड की राजधानी देहरादून एवं उसके आस पास के क्षेत्र में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं।
एसोसिएशन के मंडल चेयरमैन एस.के. गुप्ता ने निदेशक श्री पवन शर्मा जी को अंग वस्त्र एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर एवं हॉस्पिटल के अन्य डॉक्टर्स को भी अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में हॉस्पिटल की ओर से निदेशक श्री पवन शर्मा, मेडिकल सुप्रिटेंडेंट डॉ. आतिश सिंहा, आर्थोपेडिक सर्जन डॉ सुशील कुमार सहित अन्य पदाधिकारी तथा एसोसिएशन की ओर से कार्यकारिणी सदस्य श्री नरेश कंसल, श्री जसपाल खिलन आदि उपस्थित रहे।
यह समझौता पंजाब नेशनल बैंक परिवार के सदस्यों को किफायती और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। इससे उत्तराखंड में बैंक परिवार के लगभग 25000 सदस्यों को यह लाभ प्राप्त होगा।
