जो ब्राह्मण हित की बात करेगा, ब्राह्मण उसी के साथ रहेगा
हरिद्वार। राष्ट्रीय ब्राह्मण युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशुतोष पांडे ने कहा है कि देश के पांच राज्यों के चुनाव में जो भी राजनीतिक दल ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों को सम्मान देगा और ब्राह्मण हित की बात करेगा, ब्राह्मण समाज उसी के साथ रहेगा। उन्होंने कहा कि आज ब्राह्मणों की हत्या कराई जा रही है और उनको टारगेट कर फर्जी मुकदमे दायर कर ब्राह्मणों पर अत्याचार किया जा रहा है। श्री पांडे ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल भगवान श्री परशुराम की प्रतिमा के नाम पर तो कुछ ब्राह्मण सम्मेलनों के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। जबकि उनके बैनरों पर भगवान श्री परशुराम की फोटो ही गायब है ऐसे दल क्या ब्राह्मणों का भला करेंगे? उन्होंने ऐलान किया कि संगठन के द्वारा देश के पांच राज्यों में भगवान श्री परशुराम यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा के माध्यम से गांव गांव जाकर ब्राह्मणों को जागरूक किया जाएगा और बताया जाएगा कि जो आपकी बात करेगा वही पांचों राज्यों में राज करेगा। उनके साथ संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ विनोद तिवारी, उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष गौरव कौशिक, संगठन महामंत्री पंकज शर्मा आदि पदाधिकारी मौजूद थे।