तीर्थ पुरोहितों ने स्थगित किया आन्दोलन
तीर्थ पुरोहितों के हकहकूक सुरक्षित रहने के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आश्वासन पर पिछले 22 महिने से देवस्थानम बोर्ड को लेकर चल रहा तीर्थ पुरोहितों का आन्दोलन 30 अक्तूबर तक स्थगित हो गया है। इस दौरान सरकार की ओर से जो फीड बैक आयेगा। तीर्थ पुरोहित उसी के अनुसार आगे की रणनीति तय करेंगे। चारधाम तीर्थ पुरोहित हकहकूकधारी महापंचायत समिति और बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के तीर्थ पुरोहितों की देवस्थानम बोर्ड के मुद्दे पर सीएम आवास पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वार्ता हुई थी। तीर्थ पुरोहितों के हकहकूक सुरक्षित रहने और देवस्थानम बोर्ड पर गठित उच्च स्तरीय समिति में चारधामों से दो-दो तीर्थ पुरोहित को सदस्य रखने की सहमति के बाद देवस्थानम बोर्ड को लेकर तीर्थ पुरोहितों का गतिरोध खत्म हो गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम से जुड़े तीर्थ पुरोहितों व हकहकूकधारियों के हितों को किसी प्रकार से प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। देवस्थानम बोर्ड के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति चारधाम से जुड़े तीर्थ पुरोहित की बात सुनकर सरकार को रिपोर्ट देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के चारधाम देश दुनिया के लिए आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। सरकार का काम मंदिरों में अवस्थापना विकास को सुदृढ़ बनाना है। चारधाम यात्रा जल्द शुरू करने के लिए सरकार की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।