घायल बंदरिया बच्चे सहित खुद इलाज कराने पहुंची अस्पताल, हैरत में पड़े लोग
आपने चोट लगने या घायल होने पर अंसानों को तो अस्पताल या डॉक्टर के पास जाते हुए देखा होगा। लंकिन बिहार के जिला मुख्यालय सासाराम के मुहल्ला शाहजुमा में एक ऐसी घटना सामने आयी है जिसमें घायल बंदरिया खुद ही इलाज कराने डॉक्टर के पास पहुंच गयी। बंदरिया के सिर पर चोट लगी थी। डॉ. एसएम अहमद के निजी क्लिनिक के बाहर आकर बैठी बंदरिया को डॉक्टर के स्टाफ ने जब वहां देखा तो उसे उठाकर इलाज के लिए अंदर ले गए। इसके बाद उसका इलाज किया गया। डॉक्टर ने घायल बंदरिया को मरहम लगाया जिसके बाद वह कुछ देर के लिए क्लिनिक के बेड पर लेट गई। बंदरिया की गोद में उसका बच्चा भी था। वह पूरे समय बच्चे को अपने सीने से चिपकाए हुए थी। फिर कुछ देर बाद खुद ही क्लिनिक से बाहर निकल गई। अब इस घटना की चारों ओर चर्चा हो रही है कि बंदरिया खुद कैसे डॉक्टर के पास पहुंच गई। इसका वीडियो भी सोशलमीडिया में खूब वायरल हो रहा है।
बंदरिया का इलाज करने वाले डॉक्टर डॉ. एस.एम. अहमद ने कहा कि उपचार के दौरान बंदरिया बिल्कुल शांत रही और इलाज के बाद आराम कर चुपचाप चली गई।