उत्तराखंड के रुड़की की बेटी मुस्कान वर्मा अब चमकेंगी OTT की दुनिया में, ‘इंस्पेक्टर अविनाश मिश्रा 15’ में निभाएंगी दमदार किरदार
उत्तराखंड की पावन धरती और शिक्षा नगरी रुड़की से निकलकर अब एक बेटी मायानगरी मुंबई में अपनी प्रतिभा का परचम लहराने जा रही है। जी हां, हम बात कर रहे हैं रुड़की की होनहार बेटी मुस्कान वर्मा की, जो जल्द ही चर्चित वेब सीरीज ‘इंस्पेक्टर अविनाश मिश्रा 15’ में एक बेहद अहम और प्रभावशाली किरदार निभाती नजर आएंगी।
यह बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज 15 मई 2026 को रिलीज होने जा रही है। खास बात यह है कि इस वेब सीरीज में बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा और अभिनेत्री उर्वशी रौतेला जैसे बड़े कलाकार भी अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराएंगे। वहीं मुस्कान वर्मा का किरदार भी कहानी में काफी महत्वपूर्ण बताया जा रहा है।
सच्ची घटनाओं पर आधारित है कहानी
बताया जा रहा है कि ‘इंस्पेक्टर अविनाश मिश्रा 15’ की कहानी वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है। यही कारण है कि दर्शकों के बीच इस वेब सीरीज को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
इसके पहले पार्ट को भी दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था। शानदार निर्देशन और प्रभावशाली अभिनय के लिए निर्देशक दीपक हुड्डा सहित अन्य कलाकारों को सम्मानित भी किया गया था। अब दूसरे पार्ट से दर्शकों की उम्मीदें और भी बढ़ चुकी हैं।
संघर्षों से सफलता तक का सफर
रुड़की की बेटी मुस्कान वर्मा का सफर संघर्ष, मेहनत और आत्मविश्वास की मिसाल बन चुका है। साधारण परिवार में जन्मी मुस्कान ने अपने सपनों को पूरा करने के लिए हर कठिनाई का डटकर सामना किया।
उनके पिता सुरेंद्र वर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं, जबकि माता ममता वर्मा शिक्षिका हैं। परिवार में एक भाई अनमोल वर्मा और एक बहन मधुर वर्मा के साथ पली-बढ़ी मुस्कान ने बचपन से ही अभिनय की दुनिया में अपनी पहचान बनाने का सपना देखा था।
सीमित संसाधनों और तमाम चुनौतियों के बावजूद मुस्कान ने कभी हार नहीं मानी और अपनी मेहनत के दम पर आज वह मुकाम हासिल किया है, जहां पहुंचना हर किसी के बस की बात नहीं होती।
एल्बम और साउथ फिल्मों में भी दिखा चुकी हैं जलवा
मुस्कान वर्मा केवल वेब सीरीज तक सीमित नहीं हैं। इससे पहले भी वह कई म्यूजिक एल्बम में अपनी शानदार अदाकारी से दर्शकों का दिल जीत चुकी हैं। उनके कई एल्बम सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काफी लोकप्रिय हुए।
इसके अलावा मुस्कान साउथ इंडस्ट्री की फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं, जहां उनके अभिनय और स्क्रीन प्रेजेंस को सराहा गया। अब OTT प्लेटफॉर्म पर आने वाली यह नई वेब सीरीज उनके करियर को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है।
रुड़की और उत्तराखंड का बढ़ाया मान
आज मुस्कान वर्मा उत्तराखंड और खासकर रुड़की की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनती जा रही हैं। उनका सफर यह साबित करता है कि छोटे शहरों की बेटियां भी बड़े सपने देखकर उन्हें साकार कर सकती हैं।
फिल्मी गलियारों में चर्चा है कि ‘इंस्पेक्टर अविनाश मिश्रा 15’ में मुस्कान का किरदार दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ने वाला है। अब हर किसी की नजर 15 मई 2026 पर टिकी हुई है, जब रुड़की की यह बेटी OTT की दुनिया में अपनी नई पहचान बनाने जा रही होगी। मुस्कान वर्मा की यह सफलता केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड और रुड़की शहर के लिए गर्व का विषय बनती जा रही है।

