कुंजापुरी मेले में खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ, वॉलीबॉल के मुकाबले शुरू
*कुंजापुरी मेले में खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ, वॉलीबॉल के मुकाबले शुरू*
*दूसरे दिन कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और सुबोध उनियाल ने किया उद्घाटन, विभिन्न प्रतियोगिताओं में मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार*
ऐतिहासिक 50वें मां श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के दूसरे दिन सोमवार को मुख्य बाजार स्थित खेल मैदान में खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और मेला संरक्षक कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर खेल समिति के अध्यक्ष साकेत बिजल्वाण ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का माल्यार्पण कर और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।
प्रतियोगिताओं के शुभारंभ के बाद महिला एवं पुरुष वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता के मुकाबले शुरू हुए। इस दौरान कैबिनेट मंत्रियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर गेंद को सर्विस करते हुए प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। खेल मैदान में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

परिवहन एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि कुंजापुरी मेला क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान कर रहा है।
वन एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि मेला समिति युवाओं को बेहतर खेल मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस वर्ष खेल प्रतियोगिताओं को और भव्य रूप दिया गया है, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
खेल समिति के अध्यक्ष साकेत बिजल्वाण ने बताया कि मेले के अंतर्गत आयोजित होने वाली प्रमुख खेल प्रतियोगिताओं के लिए पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। महिला एवं पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 1 लाख 1 हजार रुपये तथा 15 हजार रुपये किराया भत्ता और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 51 हजार रुपये तथा 15 हजार रुपये किराया भत्ता दिया जाएगा। तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 10 हजार रुपये यात्रा भत्ता मिलेगा।
महिला एवं पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में विजेता टीम को 21 हजार रुपये तथा 4 हजार रुपये किराया भत्ता और उपविजेता टीम को 15 हजार रुपये तथा 4 हजार रुपये किराया भत्ता दिया जाएगा। तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 4 हजार रुपये यात्रा भत्ता मिलेगा। पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 21 हजार रुपये तथा द्वितीय पुरस्कार 11 हजार रुपये निर्धारित किया गया है।

मैराथन दौड़ में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 11 हजार, 8 हजार और 5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। कैरम प्रतियोगिता के युगल वर्ग में प्रथम पुरस्कार 15 हजार रुपये और द्वितीय पुरस्कार 6 हजार रुपये, जबकि एकल वर्ग में प्रथम पुरस्कार 5,100 रुपये और द्वितीय पुरस्कार 3,100 रुपये निर्धारित किया गया है। कैरम प्रतियोगिता के आयोजन में स्थानीय सभासद रवि नेगी सहयोग कर रहे हैं।
खेल समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मेले के आगामी दिनों में वॉलीबॉल के साथ ओपन कबड्डी, फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज, कैरम और राइफल शूटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा मैराथन दौड़ सहित विद्यालयी स्तर की विभिन्न खेल एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं।
वहीं मेले के प्रथम दिवस आयोजित सांस्कृतिक संध्या में उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नरेंद्रनगर के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में देर रात तक लोकगीतों की धूम रही।
कार्यक्रम में पद्मश्री डॉ. बसंती बिष्ट ने पारंपरिक जागर गायन से मां नंदा देवी और स्थानीय देवी-देवताओं की महिमा का गुणगान किया। लोक गायक किशन महिपाल ने ‘फ्योंलड़िया’, ‘रानीखेता रामधोला’ और ‘घुघुती’ जैसे गीतों से समां बांधा। वहीं, मीना राणा ने ‘मेरा डांडी-कांठियों का मुल्क’ और ‘पाल्या गांव का मोहना’ सहित लोकप्रिय लोकगीत प्रस्तुत किए। संगीता ढौंडियाल ने ‘ढोल दमाऊ बाजी गेना’ और ‘देवी कुंजापुरी मैया’ जैसे गीतों से पहाड़ की समृद्ध लोक संस्कृति की छटा बिखेरी।
इस अवसर पर मेला समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
