Saturday, November 14, 2026
Uttarakhand

कुम्भ-2027: हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाएं होंगी पुख्ता

*कुम्भ-2027: हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाएं होंगी पुख्ता*

*मेलाधिकारी सोनिका, आईजी कुम्भ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत और मंडलीय रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ किया संयुक्त निरीक्षण*

*रेलवे की व्यवस्थाओं पर हुआ विस्तृत मंथन*

*मॉक ड्रिल के माध्यम से सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं को परखने पर जोर*

*हरिद्वार।कुम्भ मेला-2027 में श्रद्धालुओं की भारी आमद को देखते हुए हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर तैयारियां तेज हो गई हैं। जिसे देखते हुए हरिद्वार स्टेशन के साथी आसपास के रेलवे स्टेशनों पर भी यात्री सुविधाओं के विस्तार से लेकर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षित आवागमन तक, सभी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद किया जा रहा है।

इसी क्रम में शुक्रवार को मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका, आईजी (कुम्भ) डॉ. योगेन्द्र सिंह रावत, उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल की मंडलीय रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव, जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित और एसएसपी (कुम्भ) श्री आयुष अग्रवाल ने हरिद्वार रेलवे स्टेशन का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही, सुविधा और सुरक्षा के लिए रेलवे द्वारा की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन, ट्रेन संचालन और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से विचार-विमर्श भी हुआ।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नवनिर्मित अनारक्षित टिकट केंद्र, प्रतीक्षालय, होल्डिंग एरिया और यात्री आवागमन के लिए प्रस्तावित व्यवस्थाओं को देखा। रेलवे अधिकारियों ने मेले के दौरान संभावित यात्री संख्या के अनुरूप की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर मेलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों ने कहा कि देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार कुंभ में पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए स्टेशन पर बेहतर यात्री सुविधाओं के साथ ही भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाएं ठोस, व्यावहारिक और सुव्यवस्थित होनी चाहिए। यात्रियों के प्रवेश, निकास, ठहराव और आवागमन की स्पष्ट और त्रुटिरहित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी प्रस्तावित व्यवस्थाओं को मॉक ड्रिल के जरिए परखा जाए, तथा संभावित आकस्मिक स्थितियों से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए भी समुचित रखी जाय।

पुलिस अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में पर्याप्त पार्किंग सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया, ताकि वाहन सड़कों पर खड़े न हों और यातायात बाधित न हो। आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए जरूरी सुरक्षा और आपातकालीन प्रबंध करने तथा यात्रियों की सुरक्षित निकासी के लिए अधिकाधिक निकास मार्ग उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।

आरक्षित और अनारक्षित श्रेणी के यात्रियों के लिए स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के अलग-अलग प्रवेश मार्ग निर्धारित करने पर विचार हुआ। विभिन्न दिशाओं और क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए पृथक प्रस्थान व्यवस्था विकसित करने पर भी सहमति बनी। इससे आवाजाही व्यवस्थित होगी और भीड़ का अनावश्यक दबाव घटेगा।

अधिकारियों ने कहा कि ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान के समय, यात्रियों की संख्या और स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं के बीच बेहतर तालमेल रखा जाए, ताकि एक ही समय में अत्यधिक भीड़ जमा न हो। यात्री दबाव के अनुरूप ट्रेनों के संचालन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की योजना बनाने पर भी जोर दिया गया।इस दौरान यह भी तय किया गया कि निरीक्षण में सामने आए व्यावहारिक सुझावों और सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा प्रस्तावित कार्ययोजना को शीघ्र अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद इसे मेला प्रशासन के अधिकारियों के साथ साझा कर आपसी समन्वय से तय किया जाएगा, ताकि कुम्भ मेले से पहले सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी हो सकें।

निरीक्षण के दौरान उत्तर रेलवे के ओएसडी (कुंभ) श्री राजीव रंजन ‘राजू‘ , सीनियर डिवजीनल कॉमर्शियल मैनेजर श्री महेश यादव, सीनियर डिवीजनल इंजीनियर श्री तेजवीर सिंह, हरिद्वार के सिटी मजिस्ट्रेट श्री हर गिरि , अपर पुलिस अधीक्षक (कुम्भ) श्री राजेश भट्ट, अपर पुलिस अधीक्षक (संचार) श्री विपिन कुमार, सीओ जीआरपी श्री अनुज कुमार सहित मेला प्रशासन, पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ के अनेक अधिकारी भी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!