खरना, तप, पवित्रता, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और आत्मशुद्धि का दिव्य पर्व
*
छठ महापर्व की शुभकामनायें*
*
खरना, तप, पवित्रता, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और आत्मशुद्धि का दिव्य पर्व*
*
स्वामी चिदानन्द सरस्वती*
*
अद्वितीय शौर्य, अदम्य साहस और अतुलनीय त्याग के प्रतीक सिखों के दसवें गुरु, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के ज्योति-ज्योत दिवस पर विनम्र श्रद्धाजंलि*
*
श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का संपूर्ण जीवन धर्म, सत्य, न्याय, राष्ट्रभक्ति और मानवता की रक्षा के लिए समर्पण एवं सर्वाेच्च बलिदान की अनुपम गाथा*
*
राष्ट्रीय बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ!*
ऋषिकेश, 14 नवम्बर। परमार्थ पीठाधीश्वर, स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने छठ महापर्व की शुभकामनायें दी। सिखों के दसवें गुरु, अद्वितीय शौर्य, अदम्य साहस, अतुलनीय त्याग और धर्मनिष्ठा के प्रतीक श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के ज्योति-जोत दिवस पर परमार्थ निकेतन से भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने कहा कि भारत की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएँ जीवन को संस्कारित करने, समाज को एकजुट करने और मानवता को श्रेष्ठ मूल्यों से जोड़ने का दिव्य माध्यम हैं। छठ महापर्व और श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का जीवन, दोनों ही हमें तप, त्याग, समर्पण, साहस, सेवा और लोकमंगल की प्रेरणा देते हैं।
पूज्य स्वामी जी ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति की प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, श्रद्धा और समरसता की अद्भुत अभिव्यक्ति है। यह ऐसा अनुपम पर्व है, जिसमें प्रकृति के प्रत्यक्ष देवता भगवान सूर्य की उपासना करते हैं और जल, वायु, पृथ्वी तथा समस्त प्रकृति के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। सूर्य केवल प्रकाश और ऊर्जा के स्रोत ही नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवन के आधार हैं। सूर्य के बिना सृष्टि की कल्पना भी संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व का दूसरा दिन खरना साधना, संयम, पवित्रता, आत्मानुशासन और संकल्प का प्रतीक है। खरना का अर्थ केवल व्रत की एक परंपरा का निर्वहन करना नहीं, बल्कि अपने भीतर की नकारात्मकता, अहंकार, क्रोध और विकारों को दूर कर अंतर्मन को निर्मल बनाना भी है।
पूज्य स्वामी जी ने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का जीवन अदम्य साहस, धर्मनिष्ठा, त्याग और राष्ट्रप्रेम की ऐसी अमर गाथा है, जो युगों-युगों तक मानवता को प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने अपने जीवन में अनेक असाधारण संघर्षों और कठिन परिस्थितियों का सामना किया, लेकिन सत्य, न्याय और धर्म के मार्ग से कभी विचलित नहीं हुए। उनका जीवन संदेश देता है कि परिस्थितियाँ कितनी भी प्रतिकूल क्यों न हों, अपने सिद्धांतों, मूल्यों और धर्म के प्रति निष्ठा सदैव अडिग रहनी चाहिए।
पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने देशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएँ देते हुए आह्वान किया कि इस पावन अवसर पर हम प्रकृति, नदियों और जलस्रोतों के संरक्षण का संकल्प लें, स्वच्छता को अपनी जीवनशैली बनाएँ तथा सेवा, सद्भाव और समरसता के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन के सहभागी बनें।
राष्ट्रीय बाल दिवस की शुभकामनाएँ देते हुये पूज्य स्वामी जी ने कहा कि बच्चे केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे अनमोल मुस्कान और आने वाले कल की सबसे सुंदर आशा हैं। हर बच्चे की आँखों में एक सपना, हृदय में अनंत संभावनाएँ और जीवन में कुछ अद्भुत कर गुजरने की शक्ति होती है। आइए, इस बाल दिवस पर संकल्प लें कि हर बच्चे को प्रेम, संस्कार, शिक्षा, सुरक्षा और सपनों को उड़ान देने के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करें। बच्चों को केवल सफल नहीं, बल्कि संवेदनशील, संस्कारित, करुणामय और जिम्मेदार नागरिक बनाएँ, क्योंकि आज का संस्कारित बचपन ही कल के सशक्त, समृद्ध और श्रेष्ठ राष्ट्र का आधार है।
