Wednesday, October 7, 2026
Uttarakhand

डिजिटल मीडिया के युग में हिंदी अधिक प्रभावशाली है:रंजन कुमार

हरिद्वार। बीएचईएल हरिद्वार में जुलाई, अगस्त तथा सि‍तंबर माह में आयोजित की गई, विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं एवं प्रोत्साहन योजनाओं के विजेताओं को सम्मानित करने के लिए, राजभाषा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया । कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि एवं बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक, श्री रंजन कुमार ने दीप प्रज्वलन द्वारा किया ।

समारोह को सम्बोधित करते हुए श्री रंजन कुमार ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी, इंटरनेट और डिजिटल मीडिया के युग में हिंदी और अधिक प्रभावशाली है । वर्तमान में कंप्यूटर पर हिंदी में कार्य करना अत्यधिक सरल हो चुका है । उन्होंने बताया कि बीएचईएल हरिद्वार के सभी कर्मचारी राजभाषा कार्यान्वयन के प्रति समर्पित हैं । श्री रंजन कुमार ने कहा कि ये सामूहिक प्रयासों का ही सुखद परिणाम है कि हरिद्वार इकाई को हिंदी के प्रचार-प्रसार हेतु, लगातार विभिन्न मंचों से सम्मानित किया जा रहा है । इससे पहले अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री पार्थ सारथी गौड़ा ने सभी अतिथियों एवं पुरस्कार विजेताओं का स्वागत करते हुए, हरिद्वार प्रभाग में गत वर्ष के दौरान आयोजित की गई राजभाषा कार्यान्वयन संबंधी गतिविधियों एवं व‍िशिष्‍ट उपलब्‍धि‍यों पर प्रकाश डाला।

समारोह में कार्यपालक निदेशक श्री रंजन कुमार तथा महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री सुमति शर्मा ने, राजभाषा उत्सव के दौरान आयोजित की गई प्रतियोगिताओं, विभागीय राजभाषा वैजयंती, राजभाषा चक्रों, व्यक्तिगत पुरस्कार के विजेताओं तथा बोर्ड परीक्षाओं में हिंदी विषय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, एवं कर्मचारियों के परिजनों हेतु प्रतियोगिता के विजेताओं को, स्‍मृति चिह्न एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए । कार्यक्रम के दौरान बीएचईएल हरिद्वार की गृह पत्रिका “भेल गंगा” का विमोचन किया गया ।

उप प्रबंधक (राजभाषा) श्रीमती शशी सिंह ने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी का आभार व्‍यक्‍त किया । इस अवसर पर महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारीगण, कर्मचारी, हिंदी समितियों के पदाधिकारी तथा यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे ।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!