Wednesday, May 13, 2026
Uttarakhand

डीएम मनीष कुमार के फैसलों से स्वास्थ्य और शिक्षा को मिली नई ताकत, खनिज न्यास निधि से बदलेगी गांवों की तस्वीर

एक्स-रे टेक्निशियन सेवा विस्तार से स्वास्थ्य को सहारा, दूरस्थ छात्रों के लिए वाहन सुविधा को मिली मंजूरी।

मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जिला खनिज फाउण्डेशन न्यास निधि (DMFT) की बैठक में जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी। जिलाधिकारी कार्यालय में हुई इस अहम बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण जनसुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए कई बड़े निर्णय लिए गए, जिससे खनन प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि खनन प्रभावित क्षेत्रों में संचालित योजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को स्वीकृत धनराशि का प्रभावी उपयोग कर निर्धारित समय में कार्य पूर्ण करने तथा उपयोगिता प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने की दिशा में बैठक में नियुक्त एक्स-रे टेक्निशियन की सेवा अवधि बढ़ाने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई। इस निर्णय से जनपदवासियों को बेहतर एवं निरंतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

वहीं शिक्षा क्षेत्र में दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत देते हुए कई विद्यालयों के लिए परिवहन सुविधा को मंजूरी दी गई। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुखीढांग के विद्यार्थियों के लिए वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे धूरा, वयालधूरा, मथियाबांझ और चौड़ाकोट क्षेत्र के छात्र लाभान्वित होंगे। इसके अलावा राजकीय इंटर कॉलेज सुखीढांग के लिए सिलाड़ क्षेत्र के विद्यार्थियों हेतु वाहन सुविधा को भी स्वीकृति दी गई।

इसी क्रम में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विविल के छात्र-छात्राओं के लिए वाहन उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली, जिससे सिमलौदा, पन्थयूरा, भट्टाग, अगौड़ा समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विद्यालय पहुंचने में सुविधा मिलेगी। साथ ही राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बापरू के छात्र-छात्राओं हेतु भी परिवहन सुविधा को हरी झंडी दे दी गई।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि जिला खनिज फाउण्डेशन न्यास निधि का मुख्य उद्देश्य खनन प्रभावित क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में जनहितकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों तक विकास का लाभ प्रभावी रूप से पहुंच सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, प्रभारी जिला खान अधिकारी राहुल रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!