Thursday, May 21, 2026
Uttarakhand

पीएम श्री जीआईसी दिगालीचौड़ में 26 मई को सजेगा प्रतिभाओं का मंच, पुरातन छात्र सम्मेलन भी होगा खास आकर्षण

राजकीय शोक के चलते स्थगित हुआ था कार्यक्रम, अब बोर्ड टॉपरों के सम्मान के साथ छात्राओं को बांटी जाएंगी साइकिल योजना की एफडी।

सीमांत विद्यालय पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज दिगालीचौड़ में आगामी 26 मई मंगलवार को वार्षिकोत्सव एवं पुरातन छात्र सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जाएगा। विद्यालय प्रशासन कार्यक्रम को लेकर तैयारियों में जुट गया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. सुधाकर जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम पूर्व में 21 मई को प्रस्तावित था, लेकिन उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर घोषित राजकीय शोक के कारण इसे स्थगित करना पड़ा। अब यह समारोह 26 मई को आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष चम्पावत आनंद सिंह अधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि मुख्य शिक्षा अधिकारी चम्पावत मान सिंह एवं खंड शिक्षा अधिकारी लोहाघाट घनश्याम भट्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। समारोह में बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं, शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक गतिविधियों में शानदार उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही कक्षा 9 की छात्राओं को साइकिल योजना के अंतर्गत एफडी भी वितरित की जाएगी।

प्रधानाचार्य डॉ. जोशी ने विद्यालय के समस्त पुरातन छात्र-छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में प्रतिभाग करने की अपील की है, ताकि विद्यालय और पूर्व विद्यार्थियों के बीच मजबूत संबंध स्थापित हो सकें। इसी क्रम में विद्यालय के पूर्व छात्र जगत सिंह बोहरा ने प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने छात्रों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक बृजेश सिंह ढेक ने किया। इस दौरान विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!