Saturday, November 14, 2026
Uttarakhand

बाल दिवस पर यातायात पुलिस की अनूठी पहल, 400 बच्चों को सिखाए सड़क सुरक्षा के नियम

यातायात पुलिस हरिद्वार

बाल दिवस पर यातायात पुलिस की अनूठी पहल, 400 बच्चों को सिखाए सड़क सुरक्षा के नियम

जवाहरलाल नेहरू युवा केंद्र में आयोजित किया गया यातायात जागरूकता कार्यक्रम

छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देकर दिलाई गई पालन की शपथ

बच्चों को बनाया गया सड़क सुरक्षा का संदेशवाहक, परिजनों एवं आमजन को जागरूक करने की अपील

बाल दिवस के अवसर पर आज दिनांक 14 नवंबर 2026 को जवाहरलाल नेहरू युवा केंद्र, हरिद्वार में यातायात पुलिस हरिद्वार द्वारा विशेष यातायात जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे लगभग 400 छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में यातायात पुलिस के अधिकारियों द्वारा बच्चों को सड़क पार करने के सुरक्षित तरीके, रेड लाइट एवं ट्रैफिक सिग्नल का पालन, पैदल यात्रियों के नियम, हेलमेट एवं सीट बेल्ट की उपयोगिता तथा सड़क पर बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

इस दौरान सभी बच्चों को यातायात नियमों का स्वयं पालन करने तथा अपने परिवारजनों एवं आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। बच्चों को बताया गया कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ-साथ दूसरों का जीवन भी सुरक्षित रखा जा सकता है।

उक्त जागरूकता कार्यक्रम यातायात मुख्यालय के निर्देशानुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार एवं पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक यातायात विपेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में प्रभारी यातायात निरीक्षक संदीप सिंह नेगी एवं उपनिरीक्षक सीपीयू नीरज मेहरा द्वारा बच्चों को यातायात संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।

अभिभावक अपने बच्चों को बचपन से ही यातायात नियमों का महत्व समझाएं। स्वयं नियमों का पालन करें और बच्चों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाएं, क्योंकि आज के जागरूक बच्चे ही कल के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!