Wednesday, November 4, 2026
Uttarakhand

बीडीसी बैठक में विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर हुई चर्चा, मतदाता जागरूकता की दिलाई शपथ

बीडीसी बैठक में विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर हुई चर्चा, मतदाता जागरूकता की दिलाई शपथ
‎‎शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल एवं विद्युत से जुड़े मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों ने रखे सुझाव, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
‎विकासखंड चंबा स्थित सभागार में ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, विद्युत सहित क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की आवश्यकताओं और समस्याओं से सदन को अवगत कराते हुए उनके समाधान के लिए सुझाव रखे। इस दौरान आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत मतदाता जागरूकता अभियान के तहत उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को मतदान के प्रति जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई।
‎‎बैठक में टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय सहित क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। विधायक किशोर उपाध्याय ने गांवों में स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से विकास कार्यों के साथ स्वच्छता को भी प्राथमिकता देने की अपील की।
‎
‎बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्य सुशील कुमार बहुगुणा ने रानीचौरी में नागणी पंपिंग पेयजल योजना तथा पंतनगर स्थित जर्जर पेयजल टैंक के जीर्णोद्धार का विषय रखा। इस पर संबंधित विभाग के अधिकारियों ने अवगत कराया कि पंतनगर में शीघ्र ही नए पेयजल टैंक का निर्माण कराया जाएगा।
‎
‎प्रधान रानी नेगी ने मंजूड गांव को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण ऋषिकेश-राष्ट्रीय राजमार्ग से कराने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे कॉलेज रोड पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। वहीं, प्रधान प्रवीण भट्ट ने सुरसिंहधार-ज्ञानसू मोटर मार्ग पर उगी झाड़ियों की सफाई कराने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई होने से वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
‎
‎बैठक में ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सदन में जनप्रतिनिधियों द्वारा रखे गए सुझावों एवं समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए उनका निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनप्रतिनिधि को अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया जाए, ताकि क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया जा सके और सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।
‎
‎बैठक में जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) मोहम्मद असलम, खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) शाकिर हुसैन, जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) मुस्तफा खान, पंकज कुमार, के.एन. सेमवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!