Friday, October 23, 2026
Uttarakhand

भगवानपुर में 24 अक्टूबर को होगा उत्तराखंड युवा महोत्सव

भगवानपुर में 24 अक्टूबर को होगा उत्तराखंड युवा महोत्सव

नौ विधाओं में युवा दिखाएंगे प्रतिभा, लोक संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा

हरिद्वार, युवा कल्याण विभाग की ओर से 24 अक्टूबर 2026 को भगवानपुर विकासखंड में उत्तराखंड युवा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। बहबलपुर स्थित श्री प्रभु ग्रीन विले चिल्ड्रन एकेडमी में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को प्रोत्साहित करने के साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति एवं परंपराओं का संरक्षण करना है।

क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी विक्रांत चौधरी ने बताया कि महोत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन, एकल लोकनृत्य, एकल लोकगीत, पोस्टर निर्माण और भाषण सहित नौ विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवा अपनी कला, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और आपसी सहयोग की भावना विकसित करने के साथ ही स्थानीय संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। युवा कल्याण विभाग युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और उनकी छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।
क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी ने युवाओं, युवा मंगल दलों और सांस्कृतिक गतिविधियों में रुचि रखने वाले प्रतिभागियों से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में प्रतिभाग करने की अपील की। उन्होंने अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों से भी युवाओं को ऐसे रचनात्मक आयोजनों में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की है।

विकासखंड स्तरीय युवा महोत्सव में प्रतिभाग करने संबंधी जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9917111147 एवं व्हाट्सऐप नंबर 9756353278 पर संपर्क किया जा सकता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!