मुख्यमंत्री धामी का अनूठा अंदाज, झन्कईया में शंकर चाय वाला पर खुद बनाई चाय, लोगों को पिलाई और जाना हाल-चाल
खटीमा। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के कार्यक्रमों और जनसंपर्क के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का एक बेहद सरल और अनूठा अंदाज देखने को मिला।
सोमवार सुबह झन्कईया में मुख्यमंत्री अचानक शंकर राय चायवाला की चाय की टपरी पर रुक गए। यहाँ उन्होंने न केवल खुद अपने हाथों से चाय बनाई, बल्कि अपनी बनाई गरमा-गरम चाय का लुत्फ खुद भी उठाया और वहाँ मौजूद आम जनता व स्थानीय लोगों को भी अपने हाथों से पिलाई।
मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच चाय बनाते और परोसते देख टपरी पर मौजूद लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला।
आम जनता ने मुख्यमंत्री के इस सहज,मिलनसार और जमीन से जुड़े स्वभाव की जमकर सराहना की।इस दौरान मुख्यमंत्री ने चाय की चुस्कियों के साथ वहाँ मौजूद दुकानदारों,युवाओं और स्थानीय लोगों से अनौपचारिक बातचीत की।
उन्होंने लोगों का हाल-चाल जाना,उनकी समस्याएं सुनीं और सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का फीडबैक भी लिया।
इस दौरान अध्यक्ष जिला पंचायत अजय मौर्य,नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी,जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया,एसएसपी अजय गणपति,मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
