Saturday, November 14, 2026
Uttarakhand

राजकीय इंटर कॉलेज पलेठी डोबल्यों ने जनपद स्तरीय सामान्य ज्ञान क्विज प्रतियोगिता में हासिल किया प्रथम स्थान

राजकीय इंटर कॉलेज पलेठी डोबल्यों ने जनपद स्तरीय सामान्य ज्ञान क्विज प्रतियोगिता में हासिल किया प्रथम स्थान
‎‎रगड़गांव जौनपुर की टीम द्वितीय और चंबा की टीम रही तृतीय स्थान पर
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), टिहरी गढ़वाल में जनपद स्तरीय सामान्य ज्ञान क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से चयनित विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज पलेठी डोबल्यों, विकासखंड देवप्रयाग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
‎‎कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान में वृद्धि होने के साथ ही तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास, नेतृत्व कौशल एवं त्वरित निर्णय लेने की योग्यता का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन एवं अभ्यास के माध्यम से अपने ज्ञान और प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
‎‎विशिष्ट अतिथि मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला बड़वाल ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि विभिन्न शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों का ज्ञानवर्धन एवं कौशल विकास करना भी आवश्यक है। कार्यक्रम के संयोजक एवं जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य दीपक रतूड़ी ने अतिथियों, प्रतिभागी विद्यालयों, मार्गदर्शक शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।
‎‎प्रतियोगिता में प्रथम स्थान राजकीय इंटर कॉलेज पलेठी डोबल्यों, विकासखंड देवप्रयाग की टीम ने प्राप्त किया। राजकीय इंटर कॉलेज रगड़गांव, विकासखंड जौनपुर की टीम द्वितीय तथा राजकीय इंटर कॉलेज चंबा की टीम तृतीय स्थान पर रही।
‎‎प्रतियोगिता का आयोजन स्क्रीनिंग राउंड के बाद छह चरणों में किया गया। स्क्रीनिंग राउंड के माध्यम से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छह टीमों का फाइनल के लिए चयन किया गया। फाइनल मुकाबले में एमसीक्यू, विजुअल, स्पीच, वीडियो, रैपिड फायर एवं बजर राउंड आयोजित किए गए। विभिन्न चरणों में विद्यार्थियों के विषयगत ज्ञान, अभिव्यक्ति कौशल, विश्लेषण क्षमता, त्वरित निर्णय एवं तत्परता का मूल्यांकन किया गया। रैपिड फायर एवं बजर राउंड के दौरान प्रतियोगिता विशेष रूप से रोमांचक रही।
‎‎इस अवसर पर क्विज के राज्य समन्वयक डॉ. सुशील राणा एवं क्विज संस्थापक तथा पूर्व राज्य समन्वयक देवानंद देवली, जनपद समन्वयक जितेंद्र बिष्ट, जनपद क्विज समिति के सदस्य मनमोहन भट्ट, दयासागर उनियाल, संजेश रतूड़ी एवं प्रियंका भंडारी एवं प्रवक्ता डायट डॉ. वीर सिंह रावत सहित संस्थान के अन्य प्रवक्तागण, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, मार्गदर्शक एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!