Thursday, May 28, 2026
Uttarakhand

“सरकार अब गांव की चौखट पर” तल्ला देश के सुदूर गांवों में पहुंचा मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय

नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, सुनी समस्याएं; कार्बेट ट्रेल और पंचायत घर निर्माण कार्यों का भी किया निरीक्षण।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार “कैंप कार्यालय आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत तल्ला देश क्षेत्र के सुदूर गांवों में प्रशासनिक पहुंच और जनसंवाद का अनूठा उदाहरण देखने को मिला।मुख्यमंत्री के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान नोडल अधिकारी ने क्षेत्र के वरिष्ठजनों से मुलाकात कर उनका सम्मान किया और समाज के प्रति उनके योगदान को सराहा। ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।

उन्होंने ग्रामीणों को राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और लोगों से योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने की अपील की। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों से गांव-गांव तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में सहयोग करने का आह्वान किया। नोडल अधिकारी श्री बृजवाल ने ग्राम सभा कठाड़ में निर्माणाधीन पंचायत घर का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा तरकुली और मंच गांव में भी ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान सुनिश्चित करने को कहा। तल्ला देश क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों के स्थलीय निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन ऐतिहासिक “कार्बेट ट्रेल” परियोजना का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और तय समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों में इस बात को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला कि मुख्यमंत्री का कैंप कार्यालय अब गांवों तक पहुंच रहा है। लोगों ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान करने के लिए सरकार का इस तरह गांव तक पहुंचना सराहनीय पहल है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कई ऐसी योजनाओं की जानकारी पहली बार उन्हें इस कार्यक्रम के माध्यम से मिली।

इस अवसर पर कठाड़ के ग्राम प्रधान पारस महर, मंच के ग्राम प्रधान अनिल सिंह, पूर्व प्रधान पान सिंह, तरकुली के ग्राम प्रधान भुवन सिंह सहित कई क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि “कैंप कार्यालय आपके द्वार” कार्यक्रम सरकार और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान में तेजी आई है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!