Saturday, October 24, 2026
Uttarakhand

जिला पंचायत की बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उठीं

जिला पंचायत की बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उठीं

जिला पंचायत सदस्यों ने क्षेत्रीय विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए रखे प्रस्ताव

जिला पंचायत की बैठक में क्षेत्रीय समस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े प्रस्ताव रखे गए

जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण की अध्यक्षता में आज जिला पंचायत सभागार में आयोजित बैठक में जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, स्वच्छता एवं पेयजल से संबंधित विकास कार्यों के प्रस्ताव रखे।

जिला पंचायत सदस्यों ने जिला अस्पताल, टिहरी में डायलिसिस सुविधा उपलब्ध कराने, जनपद में जन औषधि केंद्र खोलने, रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती तथा टेलीमेडिसिन सुविधाओं के विस्तार सहित स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित प्रमुख मांगें रखीं। इस पर प्रभारी जिलाधिकारी / मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने रेडियोलॉजिस्ट की उपलब्धता के संबंध में वर्तमान स्थिति स्पष्ट करते हुए शासन की गाइडलाइंस तथा शासन स्तर पर की गई प्रक्रिया से सदस्यों को अवगत कराया। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने संबंधित प्रकरणों में की गई कार्यवाही की जानकारी सदन को दी।

जिला पंचायत क्षेत्र धमाड़ी के सदस्य सुनील प्रसाद जुयाल ने अपने क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय कन्स्युड़ में अध्यापक की नियुक्ति किए जाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने मैण्डखाल स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) को उच्चीकृत करने, बंगियाल-ज्वारना मोटर मार्ग के 2.50 किलोमीटर हिस्से पर डामरीकरण कराने तथा कण्डीसौड़ और मैण्डखाल में कूड़ा डंपिंग जोन स्थापित करने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

वहीं, जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र रागड़ ने थौलधार विकासखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), कण्डीसौड़ में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए 108 एंबुलेंस की व्यवस्था किए जाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

बैठक में सदस्यों ने जन्म प्रमाण पत्र जारी किए जाने से संबंधित जानकारी भी ली। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने बताया कि वर्तमान में जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित कोई भी प्रकरण लंबित नहीं है।

इसके अतिरिक्त, खोलगढ़ माजफ में एएनएम सेंटर खोले जाने की पूर्व में उठाई गई मांग के संबंध में भी जानकारी ली गई। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में संबंधित केंद्र उपकेंद्र के रूप में संचालित किया जा रहा है।

बैठक में जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की जनसमस्याओं के समाधान तथा आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही किए जाने पर जोर दिया।

इस बैठक में उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, ब्लाक प्रमुख चम्बा सुमन सजवाण, सभी सदस्यगण सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं पत्रकारगण मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!