Sunday, November 22, 2026
Uttarakhand

विश्व मात्स्यिकी दिवस पर कामधेनु घाट में गंगा नदी में किया गया मत्स्य बीज संचयन, कामधेनु लोक में हुआ पौधारोपण

विश्व मात्स्यिकी दिवस पर कामधेनु घाट में गंगा नदी में किया गया मत्स्य बीज संचयन, कामधेनु लोक में हुआ पौधारोपण

गंगा के प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों के संरक्षण एवं जलीय जैव विविधता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित हुआ कार्यक्रम

हरिद्वार, विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर शनिवार को मत्स्य विभाग, हरिद्वार द्वारा कामधेनु घाट स्थित गंगा नदी की मुख्य धारा में मत्स्य बीज संचयन (Fish Seed Ranching) तथा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से कामधेनु लोक में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गंगा नदी के प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों का संरक्षण एवं संवर्धन करने के साथ ही जलीय जैव विविधता को सुरक्षित रखना, पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखना तथा आमजन को जलस्रोतों एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में निदेशक मत्स्य विभाग, उत्तराखण्ड श्री सी.एस. धर्मशक्तु, उपनिदेशक मत्स्य श्री प्रमोद कुमार शुक्ल तथा उपनिदेशक मत्स्य, गढ़वाल मंडल श्रीमती अल्पना हल्दिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक मत्स्य श्रीमती गरिमा मिश्रा द्वारा किया गया। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. नीलकांत सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान विशिष्ट अतिथियों द्वारा गंगा नदी में मत्स्य बीज संचयन किया गया तथा कामधेनु लोक में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नदियों में वैज्ञानिक पद्धति से गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीज का संचयन प्राकृतिक मत्स्य भंडार को समृद्ध करने के साथ ही जलीय जैव विविधता के संरक्षण और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे नदी के प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों के संवर्धन के साथ भविष्य में मत्स्य उत्पादन की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम के माध्यम से गंगा नदी के संरक्षण, प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों के संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!