Tuesday, November 24, 2026
Uttarakhand

जिला सैनिक परिषद की चतुर्थ त्रैमासिक बैठक आयोजित, पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

जिला सैनिक परिषद की चतुर्थ त्रैमासिक बैठक आयोजित, पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

हरिद्वार, जिला सैनिक परिषद की वर्ष 2026 की चतुर्थ त्रैमासिक बैठक आज मुख्य विकास अधिकारी के प्रतिनिधि जिला विकास अधिकारी श्री के.के. पंत की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार, रोशनाबाद में आयोजित की गई। बैठक में पूर्व सैनिकों की विभिन्न समस्याओं, क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों तथा पूर्व में उठाए गए प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
बैठक में कर्नल डी.बी. राय, स्टेशन मुख्यालय रुड़की, श्री सुब्रत सिंह, सहायक अभियंता, जल संस्थान हरिद्वार सहित पूर्व सैनिक एवं ब्लॉक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का संचालन वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी द्वारा किया गया। उन्होंने अध्यक्ष एवं उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए पिछली त्रैमासिक बैठक में उठाए गए विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की तथा उन पर की गई कार्यवाही से अवगत कराया।
बैठक में अवैध निर्माण, लालढांग क्षेत्र के पिन कोड में परिवर्तन, शहीद स्मारक के लिए भूमि चिन्हित करने तथा वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के दृष्टिगत थाने में बैठक आयोजित किए जाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
इसके अतिरिक्त लालढांग क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या के संबंध में अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। क्षेत्र में विद्युत कटौती की समस्या को गंभीरता से लेते हुए अधिशासी अभियंता, यूपीसीएल को दूरभाष पर समस्या के समाधान हेतु निर्देशित किया गया। चमरिया (लालढांग) क्षेत्र में हर घर नल योजना के अंतर्गत पेयजल सुविधा की वस्तुस्थिति से अवगत कराने के लिए सहायक अभियंता, जल संस्थान को निर्देशित किया गया।
बैठक में चकमार्ग संख्या 1302 एवं 1412 से अतिक्रमण हटाने का विषय भी उठाया गया। इस संबंध में प्रभारी उपजिलाधिकारी, हरिद्वार को दूरभाष पर अवगत कराते हुए आवश्यक कार्यवाही करने के लिए कहा गया। साथ ही जिला सैनिक कल्याण कार्यालय को संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी विंग कमांडर डॉ. सरिता पंवार (सेवानिवृत्त) ने उपस्थित अध्यक्ष, अतिथियों एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात बैठक की समाप्ति की घोषणा की गई। बैठक में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, हरिद्वार के समस्त कार्मिक उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!