असम-मिजोरम विवाद में 6 पुलिसकर्मियों की मौत, 50 घायल

असम-मिजोरम बॉर्डर पर असम के सुरक्षाबलों और मिजोरम के नागरिकों के बीच झड़प व फायरिंग में असम पुलिस के 6 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। जबकि 50 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गये हैं। असम में कछार के पुलिस अधीक्षक निंबालकर वैभव चंद्रकांत भी गोलीबारी और पथराव में घायल हुए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार बार्डर पार से उपद्रवियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी, जब दोनों पक्षों के नागरिक अधिकारी मतभेदों को सुलझाने के लिए बातचीत कर रहे थे। दोनों राज्‍यों के बीच सीमा विवाद तब उपजा जब असम पुलिस ने अपनी जमीन पर कथित तौर पर अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान शुरू किया। 10 जुलाई को जब असम सरकार की टीम मौके पर गई तो उस पर अज्ञात लोगों ने आईईडी से हमला कर दिया।
घटना के बारे में जहां असम के सीएम हिमंता बिस्‍वा शर्मा ने ट्वीट किया कि मुझे यह सूचित करते हुए अत्यंत दुख हो रहा है कि असम पुलिस के छह वीर जवानों ने असम-मिजोरम सीमा पर हमारे राज्य की संवैधानिक सीमा की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना। वहीं दूसरी ओर मिजोरम के गृह मंत्री लालचमलियाना ने आरोप लगाया कि असम पुलिस के आईजी के नेतृत्व में हथियारों से लैस लगभग 200 असम पुलिस जवान आज वैरेंगटे ऑटो-रिक्शा स्टैंड पर आए। उन्होंने वहां तैनात सीआरपीएफ जवानों की ड्यूटी पोस्ट को जबरन पार किया और मिजोरम पुलिस की ड्यूटी पोस्ट को नुकसान पहुंचाया। उनका आरोप है कि आगजनी की सूचना पर वैरेंगटे शहर के निवासी, पूछताछ के लिए साइट पर रवाना हुए जहां असम पुलिस ने निहत्थे नागरिकों पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे, जिससे कई नागरिक घायल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!