24 करोड़ लगी भैंसे की कीमत, मालिक ने फिर भी नहीं बेचा
2 लाख महिना है भैंसे का खर्चा, शाही भोजन में रोज खाता है एक किलो घी, आधा किलो मक्खन, 200 ग्राम शहद, 25 लीटर दूध और एक किलो काजू-बादाम
राजस्थान के पुष्कर मेले में एक 24 करोड़ के भैंसे को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। मोतीसर रोड पर प्रदर्शन के रखे गये ‘भीम’ नाम के इस भैंसे के लिए कुछ महीने पहले अफगानिस्तान के एक शेख परिवार ने 24 करोड़ रुपए बोली लगाई थी, लेकिन इसके मालिक जोधपुर निवासी अरविंद जांगिड़ ने भैंसा बेचने से मना कर दिया था। पुष्कर मेले में भी वह भैंसे को बेचने के लिए नहीं बल्कि मुर्रा नस्ल के संरक्षण के उद्देश्य से केवल प्रदर्शन के लिए लेकर आए हैं। अरविंद वर्ष 2018 और 2019 में भी ‘भीम’ को पुष्कर मेले में प्रदर्शन के लिए लेकर आए थे। वे बालोतरा, नागौर, देहरादून समेत कई मेलों में इसका प्रदर्शन कर चुके हैं। 14 फीट लंबे और 6 फीट ऊंचे भीमकाय भैंसे का वजन करीब 1500 किलो है। इसके रखरखाव और खुराक पर प्रतिमाह डेढ़ से दो लाख रुपए का खर्चा हो रहा है। अरविंद ने बताया कि भैंसे को प्रतिदिन एक किलो घी, आधा किलो मक्खन, 200 ग्राम शहद, 25 लीटर दूध, एक किलो काजू-बादाम खिलाया जाता है। अरविंद ने मेलों में आयोजित पशु प्रतियोगिता में भाग लेकर पुरस्कार भी जीते हैं। वे इच्छुक पशुपालकों को भीम का सीमन उपलब्ध कराते हैं। मुर्रा नस्ल के इस भैंसे के सीमन की देश में बड़ी डिमांड है। इसके सीमन से होने होने वाली भैंस का पैदा होते ही 40 से 50 किलो वजन रहता है। जो वयस्क होने के साथ ही एक बार में 20 से 30 लीटर तक दूध देती है। इसके .25 मि.ली. सीमन की कीमत करीब 500 रुपए है। भीम भैंसे के मालिक साल भर में ऐसी 10 हजार स्ट्रॉ बेच देते हैं।